भारत में EV कंपनियां आमतौर पर ऐसे ग्राहकों को टारगेट करती हैं, जो नई इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वाले होते हैं. लेकिन, आप अपने पुराने स्कूटर को भी इलेक्ट्रिक बना सकते हैं. Green Tiger Mobility नाम की एक कंपनी का मॉडल पुराने वाहनों को हटाने के बजाय उन्हें इलेक्ट्रिक में बदलने पर आधारित है. इससे आप एक्सपायर हो रही स्कूटर को ईवी में चेंज करवा कर दोबारा उसे चला सकते हैं.
आपको बता दें कि Green Tiger Mobility Private Limited को 27 अक्टूबर 2020 को रजिस्टर करवाया गया. कंपनी का दावा है कि ग्राहक को केवल पेट्रोल स्कूटर लेकर Green Tiger के रेट्रोफिट सेंटर पर लेकर आना है. फिर ग्राहक उसे इलेक्ट्रिक या हाइब्रिड स्कूटर में चेंज करवा सकता है. एक स्कूटर को तीन तरह से बदला जाता है.
ग्रीन टाइगर के रेट्रोफिट सेंटर में बदलेगा स्कूटर
कंपनी के अनुसार, बेंगलुरु के Bommanahalli स्थित ग्रीन टाइगर के रेट्रोफिट सेंटर में स्कूटर की 130 अलग-अलग मानकों पर जांच की जाती है. इसके बाद वाहन के हिसाब से तीन तरह के बदलाव किए जाते हैं.
पहला ऑप्शन बाई-मोड हाइब्रिड है. इसमें चालक एक बटन दबाकर पेट्रोल और इलेक्ट्रिक मोड के बीच बदलाव कर सकता है. इसका मकसद इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने में लोगों की बड़ी चिंता रेंज को कम करना है.
दूसरा ऑप्शन पूरी तरह इलेक्ट्रिक कन्वर्जन है. इसमें स्कूटर बैटरी से चलती है और इसे घर के सामान्य 5-एम्पियर सॉकेट से चार्ज किया जा सकता है.
स्वैपेबल बैटरी सिस्टम का भीऑप्शन
तीसरा ऑप्शन डिलीवरी राइडर्स के लिए है. जो राइडर रोजाना करीब 100 से 150 किलोमीटर चलते हैं, उनके लिए स्वैपेबल बैटरी सिस्टम दिया गया है. इसके लिए Green Tiger ने Indofast Energy, Indian Oil, Sun Mobility और Battery Smart के साथ काम किया है. इसका फायदा ये है कि बैटरी खत्म होने पर उसे चार्ज करने का इंतजार करने के बजाय दूसरी चार्ज बैटरी लगाई जा सकती है.
Green Tiger का कहना है कि उसके इलेक्ट्रिक में बदले गए वाहन अब तक कुल मिलाकर 1.5 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुके हैं. ग्रीन टाइगर के पास रेट्रोफिट और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स तकनीक से जुड़े छह मंजूर पेटेंट हैं. कंपनी का समाधान ARAI से भी मंजूर है. आपको बता दें कि ARAI वही संस्था है जो भारत में वाहन निर्माताओं के वाहनों के लिए सर्टिफिकेट देती है.
ऐसे में अगर आप अपने पुराने स्कूटर को नया करवाना चाहते हैं तो आप इस ऑप्शन के साथ जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- प्रिंटआउट का झंझट खत्म! Boarding Pass को लेकर भारतीय एयरपोर्ट्स पर आज से बड़ा बदलाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं