जब भी भारी-भरकम, दमदार आवाज और क्लासिक लुक वाली क्रूजर बाइक्स की बात होती है, तो सबसे पहला नाम हार्ले-डेविडसन (Harley-Davidson) का ही दिमाग में आता है. लेकिन जरा सोचिए, अगर हार्ले की कोई बाइक बिना किसी आवाज के, छोटे और कॉम्पैक्ट साइज में आपके सामने आ जाए तो? जी हां, हार्ले-डेविडसन की इलेक्ट्रिक विंग 'लाइववायर' (LiveWire) ने युवाओं और शुरुआती राइडर्स को दीवाना बनाने के लिए दो बेहद अनोखी और स्टाइलिश इलेक्ट्रिक मिनी बाइक्स से पर्दा उठा दिया है. छोटे साइज की दिखने वाली ये बाइक्स रफ्तार और पावर के मामले में बड़े-बड़ों को टक्कर देती हैं.
रात के सफर में क्यों हाईवे पर हर जगह नहीं होतीं स्ट्रीट लाइट्स? सरकारी जवाब सुनकर रह जाएंगे दंग
ताइवान की कंपनी के साथ मिलकर की तैयार
हार्ले-डेविडसन की इलेक्ट्रिक व्हीकल डिवीजन लाइववायर ने इन दोनों नई मिनी बाइक्स को 'S4 Honcho Trail' और 'S4 Honcho Street' नाम से पेश किया है. खास बात यह है कि कंपनी ने इन्हें ताइवान की मशहूर टू-व्हीलर कंपनी किमको (Kymco) के साथ मिलकर तैयार किया है. इनका डिजाइन काफी सिंपल और प्रैक्टिकल रखा गया है. इन्हें स्टील ट्यूबलर फ्रेम पर बनाया गया है, जहां इसका बैटरी पैक ही चेसिस के मुख्य हिस्से की तरह काम करता है. ये बाइक्स मौसी ओट और लिक्विड ब्लैक जैसे आकर्षक रंगों में उपलब्ध होंगी.
ऑन-रोड और ऑफ-रोड के लिए दो अलग मॉडल
कंपनी ने अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसके दो वेरिएंट पेश किए हैं. पहला है 'S4 Honcho Street' जो पूरी तरह से सड़कों पर कानूनी रूप से चलाने के लिए बना है. इसमें आपको रियर व्यू मिरर, एलईडी लाइटिंग, इंडिकेटर्स, एक बढ़िया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और रियर फेंडर जैसे जरूरी फीचर्स मिलते हैं. दूसरा मॉडल है 'S4 Honcho Trail' जिसे खासतौर पर कच्चे रास्तों और ऑफ-रोडिंग के मजे लेने के लिए डिजाइन किया गया है. ट्रेल वर्जन में सड़कों वाले फीचर्स को हटाकर मजबूत ऑफ-रोड टायर्स दिए गए हैं.
RBI के आंकड़ों ने खोला बड़ा राज! घर और TV-फ्रीज छोड़िए, लोग इस चीज के लिए ले रहे हैं सबसे ज्यादा लोन
दमदार बैटरी और शानदार रेंज
इन छोटी इलेक्ट्रिक बाइक्स में पावर के लिए दो रिमूवेबल (निकाली जा सकने वाली) बैटरी पैक्स दिए गए हैं. इन दोनों बैटरियों की कुल क्षमता 1.74 kWh है. अगर आप इसे नॉर्मल कंडीशन में चलाते हैं, तो यह सिंगल चार्ज पर आसानी से 85 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है. वहीं, अगर आप इसे 32 किमी/घंटा की एक फिक्स रफ्तार से चलाते हैं, तो इसकी रेंज बढ़कर करीब 117 किलोमीटर तक पहुंच जाती है.
रफ्तार ऐसी कि उड़ जाएंगे होश
साइज में छोटी होने के बावजूद इसका परफॉर्मेंस किसी भी तरह से कम नहीं है. लाइववायर S4 होन्चो बाइक्स की टॉप स्पीड 95 किलोमीटर प्रति घंटा है. सबसे मजेदार बात यह है कि यह मिनी बाइक मात्र 3 सेकंड में 0 से 48 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है. इसे चार्ज करना भी काफी आसान है, यह सिर्फ दो घंटे में 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है. इसका वजन भी काफी कम है, जहां ट्रेल वर्जन 114.7 किलोग्राम का है, वहीं स्ट्रीट वर्जन का वजन 120.6 किलोग्राम है.
भारत आ रही है Skoda की सबसे खतरनाक SUV Kodiaq RS, सिर्फ 50 लोग ही खरीद पाएंगे इसे, जानिए वजह
कीमत और उपलब्धता
कंपनी का दावा है कि इसकी परफॉर्मेंस पेट्रोल से चलने वाली 125cc की पिट बाइक्स जैसी ही दमदार है. कीमत की बात करें तो यूके के मार्केट में S4 Honcho Trail की कीमत 4,599 GBP यानी भारतीय मुद्रा में करीब 5.88 लाख रुपये रखी गई है. वहीं, इसके स्ट्रीट-लीगल वर्जन S4 Honcho Street की कीमत 4,999 GBP यानी लगभग 6.39 लाख रुपये है. शुरुआत में इसे यूके के बाजार में बेचा जाएगा, जिसके बाद इसे अन्य देशों में उतारा जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं