प्रीमियम बाइक भी काफी महंगी आती हैं. अब ऐसी ही एक बाइक भारत में लॉन्च हुई है. इसकी कीमत में आप आसानी से नोएडा में 2 BHK का फ्लैट खरीद सकते हैं. लग्जरी बाइक्स के लिए मशहूर BMW Motorrad भारतीय बाजार में अपनी सुपरबाइक BMW M 1000 RR को लॉन्च कर दिया है. इस सुपरबाइक की भारत में एक्स-शोरूम कीमत 59.90 लाख रुपये रखी गई है.
भारत में इस बेहद कीमती रेसिंग बाइक को सीधे पूरी तरह से बनी-बनाई इम्पोर्टेड गाड़ी के तौर से मंगाया जा रहा है. देश भर में BMW Motorrad की आधिकारिक डीलरशिप्स पर इसकी बिक्री और बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. कंपनी की तरफ से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, इस नए मॉडल में M Competition Package को स्टैंडर्ड तौर पर शामिल किया गया है, जो बेहद अट्रैक्टिव Blackstorm मेटैलिक पेंटवर्क और मस्कुलर M ग्राफिक्स के साथ आता है.
पहले से ज्यादा पावरफुल और दमदार इंजन
ये नई सुपरबाइक असल में BMW की रेसिंग-स्पेक सुपरबाइक BMW M का ही एडवांस और अपग्रेड वर्जन है, जिसके इंजन, एयरोडायनेमिक्स और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में रेस ट्रैक पर परफॉर्मेंस देने के लिए कई बड़े सुधार किए गए हैं. इस सुपरबाइक में 999 cc का रिवाइज्ड इनलाइन-फोर इंजन दिया गया है, जो अब पुराने मॉडल के मुकाबले 6 hp की एक्स्ट्रा पावर के साथ पूरे 218 bhp की पावर जनरेट करता है.
BMW ने इसके सिलेंडर हेड को मॉडिफाइड पोर्ट्स, एक नए कंबशन चैंबर और बेहद हल्के टाइटेनियम वाल्व्स के साथ पूरी तरह से अपडेट किया है. इसके अलावा, इसके टाइटेनियम एग्जॉस्ट सिस्टम के सिलेंडर-हेड फ्लैंगेस, हेडर इनलेट्स और प्री-साइलेंसर को भी नए सिरे से डिजाइन किया गया है.

रफ्तार के दौरान बाइक को सड़क से चिपकाए रखने के लिए इसमें कार्बन-फाइबर-रीइन्फोर्स्ड प्लास्टिक (CFRP) से बने नए M Winglets 3.0 दिए गए हैं. ये विंगलेट्स इसके बिल्कुल नए फ्रंट फेयरिंग डिजाइन के साथ मिलकर तेज रफ्तार में और अचानक से स्पीड बढ़ाने के दौरान बाइक को डाउनफोर्स और स्टेबिलिटी देते हैं.
स्लाइड कंट्रोल और ब्रेक स्लाइड असिस्ट जैसे फीचर्स
BMW Motorrad ने इस सुपरबाइक को रेस ट्रैक पर राइडर की सुरक्षा और एडवेंचर को बढ़ाने के लिए दो बहुत ही दमदार और नए फीचर्स Slide Control और Brake Slide Assist से लैस किया है. पहली बार इसके डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल (DTC) सिस्टम को एक खास स्टीयरिंग-एंगल सेंसर के साथ जोड़ा गया है, जिससे बाइक में बिल्कुल अलग-अलग स्लिप कंट्रोल और स्लाइड कंट्रोल फंक्शंस मिल जाते हैं. ये तकनीक राइडर को रेस ट्रैक पर अपनी बाइक को बिना गिरे बेहद सुरक्षित तरीके से 'कंट्रोल्ड एक्सीलरेशन स्लाइड्स' की सुविधा देती है.
वहीं, इसका Brake Slide Assist फीचर BMW Race ABS Pro के साथ मिलकर काम करता है, जो तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगाने के दौरान बाइक को अनकंट्रोल्ड होकर फिसलने से पूरी तरह रोकता है. इसके अलावा ट्रैक पर बेहतरीन कंट्रोल के लिए इसमें एक नया Slick ABS Pro मोड भी जोड़ा गया है. राइडर्स के लिए एक और बड़ा अपडेट इसमें मिलने वाला M शॉर्ट-स्ट्रोक थ्रॉटल है, जिसका रोटेशन एंगल घटाकर मात्र 58 डिग्री कर दिया गया है. इसका सीधा फायदा ये है कि राइडर को अपनी कलाई को बहुत ज्यादा घुमाए बिना ही बाइक से तुरंत पूरी पावर और रॉकेट जैसी रफ्तार मिल जाती है.
M Competition पैकेज का का कम्फर्ट और वारंटी
इस बाइक के साथ मिलने वाला M Competition Package इसके रेसिंग लुक और परफॉर्मेंस को चरम पर ले जाता है. इस स्पेशल पैकेज के तहत बाइक में बेहद हल्के और मजबूत M Carbon व्हील्स, चारों तरफ कई सारे प्रीमियम कार्बन-फाइबर पार्ट्स, वजन को 220 ग्राम तक कम करने वाला बेहद हल्का M फुटरेस्ट सिस्टम दिया गया है. इसके अलावा बिना किसी मेंटेनेंस के लंबे समय तक चलने वाली डीएलसी-कोटेड M Endurance चेन और एक एनोडाइज्ड स्विंगआर्म पिवोट पॉइंट स्टैंडर्ड तौर पर दिया जा रहा है. इसके अलावा, खरीदारों को रेस ट्रैक पर अपनी लैप टाइमिंग्स को सटीकता से ट्रैक करने के लिए M GPS Laptrigger का एक्टिवेशन कोड भी बिल्कुल फ्री दिया जाता है.
यह भी पढ़ें | Creta की बढ़ी टेंशन! Mahindra करने वाला है धमाका, जल्द लॉन्च हो सकती है XUV500
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं