इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नाम खूब चर्चा में है- रचना गुर्जर. कभी अपने भारी-भरकम सोने के गहनों और लग्जरी लाइफस्टाइल वाले वीडियो की वजह से वायरल होने वाली रचना अब अपने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी को लेकर खबरों में हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर रचना गुर्जर हैं कौन और वह अचानक इतनी चर्चा में क्यों आ गई हैं.
कौन हैं रचना गुर्जर?
रचना गुर्जर मध्य प्रदेश की रहने वाली एक फेमस यूट्यूबर और सोशल मीडिया क्रिएटर हैं. उन्होंने अपने वीडियो के जरिए अच्छी-खासी पहचान बनाई है. उनके कंटेंट में अक्सर उनकी पारिवारिक जिंदगी, गांव का माहौल, रोजमर्रा की गतिविधियां और सबसे ज्यादा उनकी महंगी ज्वेलरी देखने को मिलती थी.
रचना अक्सर अपने वीडियो में सोने-चांदी के गहने दिखाती नजर आती थीं. यही वजह है कि उनके वीडियो खूब वायरल होते थे और सोशल मीडिया पर लोग उन्हें पहचानने लगे थे. हालांकि, इस बार रचना किसी और वजह को लेकर ही सुर्खियों में हैं.
अब क्यों हो रही है चर्चा?
दरअसल, हाल ही में रचना गुर्जर के घर चोरी की बड़ी वारदात हुई है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित उनके घर से करीब 7 से 8 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया है. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियोज के मुताबिक, चोरों ने घर की बाउंड्री की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद परिवार के कमरे को बाहर से बंद कर दिया. इतना ही नहीं, घर में लगे कैमरे का एंगल भी बदल दिया गया, जिससे घटना रिकॉर्ड न हो सके.
सुबह जब परिवार उठा, तब उन्हें पता चला कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है और घर से लाखों का सामान गायब हो चुका है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद इंटरनेट पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर बार-बार गहने और घर की जानकारी देने के कारण ऐसा हुआ है. एक यूजर ने रचना के वीडियो पर कमेंट कर लिखा, 'इतनी ज्वेलरी और घर का सेटअप दिखाओगे, तो गलत लोगों की नजर तो पड़ेगी ही.' वहीं, कई लोगों ने रचना का समर्थन भी किया.
वहीं, इस पूरी घटना पर रचना का कहना है कि अपनी मेहनत की कमाई दिखाना कोई गलती नहीं है और चोरी के लिए पीड़ित को नहीं, केवल चोर को जिम्मेदार ठहराना चाहिए.
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह चोरी पूरी प्लानिंग के साथ की गई लग रही है. हालांकि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें- 100 रुपये के लालच में लाखों का नुकसान, दिल्ली में हो रहा नया स्कैम, गाड़ी चलाने वाले जान लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं