विज्ञापन

100 रुपये के लालच में लाखों का नुकसान, दिल्ली में हो रहा नया स्कैम, गाड़ी चलाने वाले जान लें

दिल्ली से सामने आया एक कथित स्कैम इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस स्कैम का तरीका इतना शातिर है कि लोग 100-150 रुपये बचाने के चक्कर में अपना लाखों रुपये का कीमती सामान गंवा सकते हैं.

100 रुपये के लालच में लाखों का नुकसान, दिल्ली में हो रहा नया स्कैम, गाड़ी चलाने वाले जान लें
दिल्ली की सड़क पर कैमरे में कैद हुई ठग की चालाकी
(P.C- @carsutraofficial/Instagram)

सोचिए, आप अपनी कार में बैठे हों और अचानक कोई आकर कहे, 'अरे भाई साहब, आपके पैसे नीचे गिर गए हैं.' आप नीचे देखते हैं तो सच में 10-10 या 100-50 रुपये के कुछ नोट पड़े दिखाई देते हैं. जाहिर सी बात है, ज्यादातर लोग उन पैसों को उठाने के लिए कार का दरवाजा खोल देंगे. लेकिन यही वो पल होगा, जिसका इंतजार ठग कर रहे होते हैं. दिल्ली से सामने आया एक ऐसा ही कथित स्कैम इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये वीडियो तुषार भल्ला नाम के यूजर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @carsutraofficial पर शेयर किया है. वीडियो लक्ष्मी नगर इलाके का बताया जा रहा है. वायरल क्लिप में तुषार बताते हैं कि किस तरह उनके साथ ठगी की कोशिश की गई.

वीडियो में तुषार कहते हैं, 'अभी एक आदमी ने आकर मुझे कहा कि आपकी गाड़ी के पास करीब 100-150 रुपये गिरे हुए हैं.' जब तुषार ने नीचे देखा तो कार के पास 10-10 रुपये के नोट पड़े हुए थे. हालांकि, उन्हें शक हुआ और फिर उन्होंने इधर-उधर नजर घुमाई. इस दौरान उन्होंने देखा कि एक दूसरा व्यक्ति काफी देर से उनकी गाड़ी के पीछे खड़ा हर गतिविधि पर नजर रख रहा था. बस इतनी ही देर में उन्हें समझ आ गया कि ये उनके साथ ठगी की तैयारी हो रही है. 

कैसे होती है ठगी?

वीडियो में तुषार आगे बताते हैं, 'यह पूरा खेल कार का लॉक खुलवाने का होता है. जैसे ही मैं कार का दरवाजा खोलकर ये 10-10 रुपये के नोट उठाने जाऊंगा, मेरी पूरी गाड़ी अनलॉक हो जाएगी. उसी दौरान ये पीछे खड़ा हुआ शख्स कार से मेरा लैपटॉप या कोई कीमती सामान उठाकर भाग जाएगा.'

यहां देखें वीडियो- 

अब, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसे 3 करोड़ (30 मिलियन) से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 2 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं. वीडियो देखने के बाद लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दी हैं. एक यूजर ने लिखा, 'स्कैम की बात हो और दिल्ली का नाम न आए, ऐसा कैसे हो सकता है.' दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'वाह! कम से कम स्कैमर्स अब क्रिएटिव तो हो गए हैं.' वहीं, कई यूजर्स ने तुषार को उनके साथ धोखाधड़ी होने से बचाने के लिए थैंक्यू भी कहा है. 

ऐसे में अगर कोई अजनबी आपको गाड़ी के पास गिरे पैसे या किसी दूसरी चीज के बारे में बताए, तो तुरंत कार का लॉक न खोलें. पहले आसपास का माहौल देखें, सतर्क रहें और कीमती सामान हमेशा छिपाकर रखें. यह वीडियो सिर्फ एक वायरल क्लिप नहीं है, बल्कि लोगों के लिए एक चेतावनी भी है. छोटी-सी लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है. इसलिए सड़क पर, पार्किंग में और भीड़भाड़ वाली जगहों पर हमेशा सतर्क रहें.

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें- मंदिर में कैसे पहुंची 'Made in Pakistan' लिखी चादर? सोशल मीडिया पर महिला का वीडियो वायरल, लोगों ने उठाए सवाल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com