Death Dreams Study: मौत...एक ऐसा सच जिससे हर कोई कतराता है, लेकिन ये आनी सबको है, पर क्या आपने कभी सोचा है कि जब इंसान अपनी आखिरी सांसें गिन रहा होता है, तो उसके बंद पलकों के पीछे क्या चल रहा होता है? इटली के IRCCS (Reggio Emilia) के माहिरों ने 239 एक्सपर्ट्स से बात करके एक ऐसी रिपोर्ट तैयार की है, जो रोंगटे खड़े कर देगी. इसे किताबी भाषा में 'एंड ऑफ लाइफ ड्रीम्स' (End-of-Life Dreams)' कहते हैं, लेकिन देसी जुबान में कहें तो ये रूह का आखिरी सफर शुरू होने की एक झलक है.
पुराने यार और वो चमकता हुआ दरवाजा (dreams before death)
इस रिसर्च में पाया गया कि मरते वक्त इंसान को अक्सर अपने वो अजीज (प्रियजन) दिखाई देते हैं जो दुनिया छोड़ चुके हैं. किसी को अपना पुराना यार याद आता है, तो किसी को अपनी मां का आंचल. एक मरीज ने तो यहां तक बताया कि उसे उसका मरहूम पति पुकार रहा था कि 'आ जाओ, मैं इंतजार कर रहा हूं.' ये सपने डराने वाले नहीं, बल्कि 'मल्हम' जैसे होते हैं, जो जाने वाले के दिल को तसल्ली देते हैं कि, आगे का रास्ता सुनसान नहीं है. इतना ही नहीं, कुछ को 'नूर' यानी तेज रोशनी, ऊंची सीढ़ियां या खुले हुए दरवाजे भी दिखे. मानो कोई नई दुनिया बाहें फैलाए खड़ी हो.
ये भी पढ़ें:-मौत को गच्चा देकर लौटी महिला, 13 मिनट के 'सन्नाटे' में जो देखा उसे सुन रोंगटे खड़े हो जाएंगे!
सफेद घोड़ा और खौफनाक मंजर (End of life dreams visions)
बात सिर्फ मीठे सपनों की नहीं है. रिसर्च कहती है कि कुछ लोगों को बड़े ही हसीन नजारे दिखते हैं...जैसे समंदर किनारे दौड़ता सफेद घोड़ा या कोई मखमली वादी, लेकिन तस्वीर का दूसरा रुख थोड़ा डरावना भी है. कुछ बदकिस्मत मरीजों को खौफनाक साये या राक्षस भी दिखे. जानकारों का कहना है कि ये दरअसल हमारे अंदर का छिपा हुआ डर या अधूरी हसरतें होती हैं, जो आखिरी वक्त में 'विलेन' बनकर सामने आती हैं.
ये भी पढ़ें:-यमराज को दे दी मात! डॉक्टरों ने अंग निकालने के लिए पकड़ा चाकू, तभी 'ब्रेन डेड' शख्स की आंखों से बहने लगे आंसू
मरते समय क्या देखती हैं आंखें (Science of dying dreams)
बड़ी अजीब बात ये है कि बहुत से लोग इन सपनों के बारे में बात करने से कतराते हैं. उन्हें लगता है कि कहीं लोग उन्हें पागल न समझ लें या मजाक न उड़ाएं, लेकिन हकीकत में, ये विजन्स बताते हैं कि इंसान मौत को किस हद तक कबूल कर चुका है. अगर सपने सुकून वाले हैं, तो समझो विदाई आसान है. मौत एक रहस्य है और ये सपने उस रहस्य के छोटे छोटे सुराग. विज्ञान कहता है कि ये तनाव और यादों का कॉकटेल है, पर मानने वाले इसे रूहानी बुलावा कहते हैं.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं