Viral Video: एक डॉक्टर जो खुद मरीजों को बेहोश करने (एनेस्थीसिया देने) का काम करता था, जब खुद मौत के मुंह में गया तो उसके साथ क्या हुआ? कैलिफोर्निया के बेकरफील्ड हार्ट हॉस्पिटल के डॉक्टर राजीव पारती का यह अनुभव विज्ञान और अध्यात्म के बीच बड़ा सवाल खड़ा करता है. डॉ. पारती ने दावा किया है कि उन्हें 'नियर डेथ एक्सपीरियंस' (NDE) यानी मौत के बिल्कुल करीब जाकर वापस लौटने का अनुभव मिला था. जिसके बाद उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई. जब उन्होंने ये बात पूरी दुनिया को बताई, तो हर कोई हैरान रह गया. उन्होंने अपना ये पूरा अनुभव यूट्यूब वीडियो में शेयर किया है.
जब शरीर से अलग हो गई रूह
बात साल 2010 की है. डॉ. पारती प्रोस्टेट कैंसर की सर्जरी के बाद हुए गंभीर इन्फेक्शन (सेप्टीसीमिया) से जूझ रहे थे. क्रिसमस की एक शाम उन्हें इमरजेंसी सर्जरी के लिए ले जाया गया. जैसे ही उन्हें जनरल एनेस्थीसिया दिया गया, उनका उनका शरीर मृत हो गया.
डॉ. पारती बताते हैं, "मैंने खुद को ऑपरेशन टेबल से करीब 10-12 फीट ऊपर हवा में तैरते हुए देखा. एक एनेस्थीसियोलॉजिस्ट होने के नाते मेरा पहला वैज्ञानिक दिमाग यही सोच रहा था कि क्या मेरी दवा में कुछ गड़बड़ है? लेकिन यह कोई भ्रम नहीं था. मैं न सिर्फ उस कमरे में हो रही सर्जरी को देख पा रहा था, बल्कि उसी वक्त भारत में बैठी अपनी मां और बहन को भी महसूस कर पा रहा था. उनके कपड़ों का रंग तक मुझे साफ दिख रहा था, जिसे बाद में मैंने फोन करके कन्फर्म भी किया."
अजीब शक्लों वाले साये चीख रहे थे
डॉ. पारती ने दावा किया कि हवा में तैरने के बाद उनकी चेतना एक बेहद डरावने और अंधकारमयी लोक में पहुंची, जहां बिजली कड़क रही थी और अजीब शक्लों वाले साये चीख रहे थे. पारती को महसूस हुआ कि यह उनके इस जीवन के अहंकार, स्वार्थ और दूसरों के प्रति उनके रूखे व्यवहार का नतीजा था. तभी उनके स्वर्गीय पिता वहां प्रकट हुए और उन्होंने बेटे पारती का हाथ पकड़कर एक चमकदार टनल की तरफ बढ़ाया.
टनल पार करते ही पारती को दो देवदूत (राफेल और माइकल) मिले. एक हिंदू परिवार में जन्मे डॉक्टर के लिए इन ईसाई देवदूतों का मिलना हैरान करने वाला था, लेकिन वे उन्हें एक बेहद खूबसूरत और शांत वादियों वाले लोक में ले गए, जहां हवा में 'ॐ' की गूंज सुनाई दे रही थी. वहां वे एक ऐसी रोशनी के सामने थे, जो हजार सूर्यों जितनी चमकदार थी, लेकिन उसमें आंखों को चौंधियाने वाली चुभन नहीं बल्कि असीम प्रेम और शांति का अहसास था.
यह भी पढ़ें | जर्मनी की यूट्यूबर ने राजस्थान के सूनसान गांव में बिताई रात, बोली- ये बात कभी नहीं भूलूंगी
लगभग संन्यासी जैसा जीने लगे जीवन
उस दिव्य रोशनी से डॉ. पारती को संदेश मिला कि उन्हें एक नया जीवन दिया जा रहा है, लेकिन अब उन्हें भौतिकवाद छोड़कर एक 'हीलर' (आत्मा का इलाज करने वाला) बनना होगा. वे जागते ही पूरी तरह बदल चुके थे. उन्होंने अपना 11 हजार वर्ग फुट का आलीशान बंगला और महंगी स्पोर्ट्स गाड़ियां (हमर और मर्सिडीज) बेच दीं और अब वे एक साधारण टोयोटा कैमरी हाइब्रिड चलाते हैं. पहले अपराध और थ्रिलर शो देखने वाले डॉ. पारती अब टीवी पर सिर्फ फूड या ट्रैवल चैनल देखते हैं.
उन्होंने डिप्रेशन, नशा और क्रॉनिक पेन (दवाओं की लत) को 'आत्मा की बीमारी' माना और अब वे लोगों को इससे उबरने में मदद कर रहे हैं. डॉ. पारती के अनुसार, इस पूरे अनुभव ने उन्हें जिंदगी का सबसे बड़ा मंत्र दिया- 'माफ करो, प्यार करो और खुद को ठीक करो'. मौत सिर्फ शरीर की होती है, आत्मा का सफर कभी खत्म नहीं होता.
यह भी पढ़ें | भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में अमेरिकी-कोरियन यूट्यूबर कपल ने किया सफर, बोले- ये सफर जिंदगी भर याद रहेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं