मुंबई से एर्नाकुलम जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस में सफाई को लेकर एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कैटरिंग स्टाफ खाने की प्लेटें और बर्तन ट्रेन के टॉयलेट में रख रहा था. यह मामला ट्रेन नंबर 12223 दुरंतो एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली. “Truth On Track” नाम के एक अकाउंट ने यह वीडियो शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि कैटरिंग स्टाफ बर्तनों को अस्थायी रूप से टॉयलेट एरिया में रख रहा था.
ट्रेन के टॉयलेट में बर्तन
पोस्ट के साथ लिखे कैप्शन में दावा किया गया कि दुरंतो एक्सप्रेस के एसी कोच में खाना परोसने वाले कर्मचारी टॉयलेट को ही बर्तन रखने की जगह बना रहे हैं. आरोप है कि प्लेट और कटोरियों को टॉयलेट सीट पर रखा जाता है और बाद में उसी से यात्रियों को खाना परोसा जाता है. एक अन्य पोस्ट में कहा गया कि ट्रेन नंबर 12223 के फर्स्ट एसी कोच में साफ-सफाई की बड़ी लापरवाही सामने आई है. इसमें दावा किया गया कि लंच के दौरान प्लेट और कटलरी को टॉयलेट के पास रखा गया था और इस मामले की शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
A complaint was raised regarding alleged hygiene concerns onboard Train 12223 Duronto Express (First AC Coach H1) after visuals reportedly showed food plates and cutlery placed near/on a toilet seat area during onboard lunch service, raising serious passenger concerns around… pic.twitter.com/1OgUCuyjlX
— Truth On Track (@truth_on_track) May 27, 2026
वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक IRCTC कर्मचारी टॉयलेट के अंदर बंद सीट के ऊपर बर्तनों से भरी टोकरी रखता हुआ दिखाई दे रहा है. सोशल मीडिया पर किए गए दावों के मुताबिक, बाद में इन्हीं बर्तनों का इस्तेमाल यात्रियों को खाना देने में किया गया. इन तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा, खाने की साफ-सफाई और प्रीमियम कोच में हाइजीन को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
FSSAI ने जारी किया नोटिस
मामले के बढ़ने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने IRCTC को नोटिस भेजकर इस घटना पर स्पष्टीकरण मांगा है. नोटिस में कहा गया कि अगर ये आरोप सही हैं, तो यह फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स रेगुलेशन 2011 के तहत तय सफाई और हाइजीन के नियमों का उल्लंघन है.