Doraemon Real Life House: डोरेमोन और नोबिता के बिना बचपन के बारे में सोचना काफी अधूरा सा लगता है. स्कूल से भागकर घर आना और टीवी स्क्रीन पर नोबिता की परेशानियों और डोरेमोन के जादुई गैजेट्स में खो जाना, हम सभी के बड़े होने का एक अहम हिस्सा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इन्हीं यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है. वीडियो में एक शख्स जापान की उन असल जगहों पर जा पहुंचा, जिन्हें हम सालों से एनिमेशन के रूप में देखते आए हैं. डोरेमोन-नोबिता का घर, उसकी स्कूल वाली गलियां और खेल का मैदान, सब कुछ असली में देखकर लोगों को अपने बचपन की याद आ गई है.
वीडियो में दिखा नोबिता का घर और स्कूल
भारतीय कंटेंट क्रिएटर सार्थक सचदेवा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल से वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने अपनी जापान की यात्रा दिखाई है. इस वीडियो में सार्थक वह घर दिखाते हैं जो डोरेमोन वाले नोबिता नोबी के जैसा लगता है. वीडियो की शुरुआत में सार्थक अपनी ओर कैमरा घुमाते हैं और कहते हैं 'आज मैं 6000 किमी दूर इंडिया से जापान आ चुका हूं और बचपन से मुझे यहां आना था'. इसके बाद वह उस घर की ओर इशारा करते हैं जो नोबिता और डोरेमोन के घर जैसा दिखता है.
इसके बाद इलाके में घूमते हुए वह नोबिता के स्कूल को भी दिखाते हैं. पास की एक सड़क की ओर इशारा करते हुए वह बताते हैं कि कार्टून में नोबिता को स्कूल जाते या खेलने जाते हुए इसी सड़क पर कई बार देखा है. स्कूल-घर के अलावा सार्थक सनसेट का नजारा भी दिखाते हैं जो अक्सर कार्टून में भी देखा जाता था. इन सबकी झलक दिखाने के बाद वह कहते हैं 'सच में लग रहा है कि मैं डोरेमोन के किसी एपिसोड में आ गया हूं'
आप भी देखिए ये वीडियो
'वो भी क्या दिन थे'
वीडियो को इंस्टाग्राम पर @sarthaksachdevva नाम के हैंडल से शेयर किया गया है और कैप्शन में लिखा है 'Doraemon locations in real life!'. वीडियो पर अभी तक 17.4 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 1 मिलियन से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं. वीडियो के कमेंट्स में लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा 'वो भी क्या दिन थे', दूसरे यूजर ने लिखा 'इस वीडियो ने दिन बना दिया', एक अन्य यूजर ने लिखा 'अरे भाई पुराने दिन याद दिला दिए'. इसके अलावा कई यूजर्स ने इमोजी के जरिए भी अपने रिएक्शन दिए हैं.
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं