Viral Video: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली चांदनी भाटी (Chandni Bhati) अपने अनोखे टीचिंग स्टाइल के कारण सोशल मीडिया पर टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई हैं. वे क्लासरूम में बच्चों को रटने के बजाय नाचते-गाते और हंसते-खेलते पढ़ाती हैं. उनका 'आज मंगलवार है, चूहें को बुखार है' और 'तितली उड़ी बस में चढ़ी' जैसे गानों पर डांस करते हुए बच्चों को सिखाने का अंदाज लोगों को बेहद पसंद आ रहा है. यही वजह है कि इंस्टाग्राम पर उनके एक-एक वीडियोज को 119 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल रहे हैं.
पढ़ाई को बनाया मजेदार, बच्चे भी हुए दीवाने
अक्सर माना जाता है कि स्कूल की पढ़ाई बोरिंग होती है, लेकिन चांदनी भाटी ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है. वह अपनी क्लास में बच्चों के साथ खुद बच्ची बन जाती हैं. वायरल वीडियोज में देखा जा सकता है कि कैसे वह एक्सप्रेशंस और डांस मूव्स के जरिए कविताएं और पाठ याद करवाती हैं. उनके इस क्रिएटिव तरीके से बच्चे न सिर्फ जल्दी सीखते हैं, बल्कि स्कूल आने के लिए भी उत्साहित रहते हैं. एक वीडियो में वे बच्चों को राइम्स में पढ़ाते हुए भी नजर आ रही हैं. उनका मानना है कि इस तरह की कविताएं बच्चों का ध्यान बनाए रखने में मदद करती हैं, खासकर तब जब क्लास के बीच में उनका ध्यान भटकने लगता है.
इंस्टाग्राम पर हैं 18 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
चांदनी भाटी सिर्फ एक वाइस हेड नहीं हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है. इंस्टाग्राम पर उन्हें 1.8 मिलियन यानी 18 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. उनके हर वीडियो पर लाखों लाइक्स और हजारों कमेंट्स आते हैं. लोग उनके इस टीचिंग स्टाइल की तारीफ करते नहीं थकते और उन्हें 'कूल टीचर' का टैग दे रहे हैं.
ऐसे पढ़ाने की क्या वजह है?
इस मजेदार टीचिंग स्टाइल को चुनने के पीछे चांदनी का एक निजी अनुभव है. वह बताती हैं कि स्कूल के दिनों में कुछ टीचर्स बहुत सख्त थे, जो बच्चों को डांटते और मारते थे. इस डर का उनके बाल मन पर गहरा असर पड़ा. तभी उन्होंने तय कर लिया था कि वह कभी टीचर बनीं, तो बच्चों को डर से नहीं बल्कि हमेशा प्यार से पढ़ाएंगी.
दादा रिटायर्ड प्रिंसिपल, माता-पिता स्कूल मैनेजर व प्रिंसिपल
चांदनी भाटी का पूरा परिवार शिक्षा जगत से जुड़ा है. उनके दादा अजीत भाटी रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं, पिता स्कूल मैनेजर हैं और मां खुद एक स्कूल की प्रिंसिपल हैं. रिजल्ट डे के एक पुराने वीडियो में उन्हें अपनी मम्मी की एक झलक दिखाई थी, जिसमें वे प्रिंसिपल की कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं.
ये भी पढ़ें:- छतरी ना खोल बरसात में गाने पर 'स्कूल की मैडम' ने साड़ी पहनकर किया डांस, बच्चों ने भी दिया पूरा साथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं