विज्ञापन

नोएडा में 2 नए मेट्रो कॉरिडोर की मंजूरी, बोड़ाकी, जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी, ग्रेटर नोएडा से दिल्ली का सफर आसान

NMRC ने बॉटनिकल गार्डन-सेक्टर 142 और बोड़ाकी मेट्रो विस्तार परियोजनाओं के निर्माण के लिए L&T का चयन किया है. 11.56 किमी और 2.6 किमी लंबे नए कॉरिडोर से लाखों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

नोएडा में 2 नए मेट्रो कॉरिडोर की मंजूरी, बोड़ाकी, जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी, ग्रेटर नोएडा से दिल्ली का सफर आसान
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा बड़ा विस्तार, L&T को मिला ठेका
नई दिल्ली:

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों यात्रियों के लिए राहत की खबर है. एक्वा लाइन के विस्तार की लंबे समय से चल रही तैयारी अब जमीन पर उतरने जा रही है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक बनने वाले दो नए मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के लिए लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को ठेका दिया गया है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो और नोएडा मेट्रो का संपर्क और मजबूत होगा. साथ ही ग्रेटर नोएडा, जेवर क्षेत्र और भविष्य के मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब तक पहुंच आसान हो जाएगी. इससे यात्रियों को कम समय में बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.

दो नए कॉरिडोरों पर होगा काम

एनएमआरसी ने एक्वा लाइन के दो विस्तार मार्गों के निर्माण के लिए एलएंडटी को चुना है. पहला कॉरिडोर बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक बनेगा, जिसकी लंबाई 11.56 किलोमीटर होगी. दूसरा विस्तार ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर लंबा होगा. एनएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार दोनों परियोजनाओं को लगभग तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. निर्माण कार्य अगले एक महीने के भीतर शुरू होने की संभावना है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: File Photo

बॉटनिकल गार्डन-सेक्टर 142 कॉरिडोर में बनेंगे 8 स्टेशन

नई परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक बनने वाला कॉरिडोर माना जा रहा है. करीब 2,254.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस लाइन पर आठ एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-96 (नोएडा अथॉरिटी कार्यालय), सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108 (पुलिस कमिश्नरेट), सेक्टर-93 और सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल होंगे. यह कॉरिडोर एक्वा लाइन को सीधे बॉटनिकल गार्डन इंटरचेंज से जोड़ेगा, जहां दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मजेंटा लाइन पहले से संचालित हैं. इससे यात्रियों को ट्रेन बदलने में आसानी होगी और दिल्ली-नोएडा के बीच यात्रा का समय कम होगा.

बोड़ाकी तक पहुंचेगी मेट्रो, ISBT और रेलवे टर्मिनल भी बनेगा

दूसरा विस्तार ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक होगा. करीब 416 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में दो स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें जुनपत और बोड़ाकी शामिल हैं. बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) विकसित किया जाना है. यहां भविष्य में इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) और रेलवे यात्री टर्मिनल भी विकसित होगा. ऐसे में यह मेट्रो विस्तार सड़क, रेल और मेट्रो सेवाओं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा.

9 कंपनियों की दावेदारी में L&T को चुना गया

एनएमआरसी के महाप्रबंधक (परियोजना) प्रदीप यादव ने बताया कि अप्रैल में दोनों परियोजनाओं के लिए निविदाएं जारी की गई थीं. कुल नौ एजेंसियों ने इसमें रुचि दिखाई थी. तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद एलएंडटी सबसे कम बोलीदाता के रूप में सामने आई, जिसके बाद उसे परियोजना का कार्य सौंप दिया गया.

डिजाइन और तकनीकी अध्ययन पहले ही पूरा

एनएमआरसी पिछले एक वर्ष से इन परियोजनाओं की तैयारी कर रही थी. इसके लिए डिटेल डिजाइन कंसल्टेंट (DDC) की मदद से सिविल, आर्किटेक्चरल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल डिजाइन तैयार किए गए. इसके बाद जनरल कंसल्टेंट (GC) ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR), एलाइनमेंट, जियोटेक्निकल डेटा और सिस्टम की जरूरतों का सत्यापन किया. इसी प्रक्रिया के बाद निर्माण एजेंसी के चयन का रास्ता साफ हुआ.

स्टेशनों की ब्रांडिंग पर भी होगा काम

एनएमआरसी आगामी स्टेशनों के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर भी विचार कर रही है. इसके तहत निजी कंपनियों को स्टेशन ब्रांडिंग, विज्ञापन और व्यावसायिक अधिकार दिए जा सकते हैं. इसके लिए मल्टीनेशनल कंपनियों से EOI भी आमंत्रित किए गए हैं.

लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या, सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशन में से एक

वर्तमान में एक्वा लाइन नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक संचालित होती है. जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार इस लाइन पर प्रतिदिन औसतन 61,811 यात्री सफर कर रहे हैं. वहीं बॉटनिकल गार्डन स्टेशन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे व्यस्त स्टेशन बन चुका है. जून में यहां रोजाना औसतन 2.71 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जो कश्मीरी गेट स्टेशन से भी अधिक रही. यही वजह है कि बॉटनिकल गार्डन को एक्वा लाइन से जोड़ने वाली परियोजना को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

तीसरे मेट्रो रूट की भी तैयारी

एनएमआरसी सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक 8.4 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन विकसित करने की भी योजना पर काम कर रही है. इस रूट पर पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं. हाल ही में इस परियोजना को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (PIB) की मंजूरी मिल चुकी है. अब अंतिम स्वीकृति के लिए यह प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रिमंडल के पास जाएगा. मंजूरी मिलते ही इस परियोजना पर भी काम शुरू हो सकेगा.

यह भी पढ़ें : दिल्ली-NCR मेट्रो विस्तार; रिठाला-कुंडली से नरेला-लाथूपुर तक बनेगा नेटवर्क, ये इलाके जुड़ेंगे, जानें पूरा रूट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Metro Expansion, Aqua Line Extension Bodaki, Botanical Garden Metro Station, Greater Noida Metro, Aqua Line Noida Metro
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com