VIRAL VIDEO: हॉलीवुड का सुपरहीरो बैटमैन इन दिनों भारत के एक गांव में भैंस की सवारी करता नजर आ रहा है. बेंगलुरु के एआई क्रिएटर सुजल जैसवार के बनाए 'देसी बैटमैन' के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं. मजेदार बात यह है कि विलेन जोकर से लड़ने वाले इस बैटमैन के बैकग्राउंड में माधुरी दीक्षित का 1999 का मशहूर गाना 'साजन साजन तेरी दुल्हन' बज रहा है. चाय की टपरी और रेलवे ट्रैक जैसे देसी माहौल में बैटमैन का यह अंदाज लोगों को खूब हंसा रहा है. इंस्टाग्राम पर केवल दो हफ्तों में इस AI वीडियो सीरीज को 2.5 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं.
बॉलीवुड के गाने ने लूटी महफिल
इन वीडियो की सबसे खास बात है इनका बैकग्राउंड म्यूजिक. सुजल ने बैटमैन की इस कहानी को 1999 की मशहूर फिल्म 'आरजू' के सुपरहिट गाने 'साजन साजन तेरी दुल्हन' के रीमिक्स वर्जन के साथ जोड़ा है. अलका याग्निक का गाया और अनु मलिक का संगीतबद्ध किया यह रोमांटिक गाना इस गंभीर सुपरहीरो पर ऐसा फिट बैठा है कि लोग हंसते-हंसते लोटपोट हो रहे हैं.
रेलवे पटरी पर ब्रश करता बैटमैन
इस देसी बैटमैन की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है. एक वायरल वीडियो में बैटमैन गांव में रेलवे पटरी के किनारे ब्रश कर रहा है. तभी उसे एक बच्चे के गायब होने का पोस्टर दिखता है. दूसरी तरफ जोकर एक ऑटो में बैठकर बच्चे को लॉलीपॉप का लालच देकर किडनैप कर लेता है.
इसके बाद शुरू होता है असली ड्रामा. बैटमैन अपनी चमचमाती गाड़ी की जगह एक भैंस पर सवार होकर जोकर का पीछा करता है. भैंस पर सवार बैटमैन और ऑटो में बैठे जोकर के बीच की यह जंग सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रही है. इंस्टाग्राम पर इन वीडियोज को दो हफ्ते में ही 2.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. बैटमैन सीरीज के डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन भी अगर ये वीडियो देख लें तो शायद अपना माथा पकड़ लें.
क्रिएटिविटी के कायल धुरंधर के डायरेक्टर आदित्य धर
यह मजेदार वीडियो लोगों के बीच इस कदर लोकप्रिय हुआ कि खुद अमेजन म्यूजिक इंडिया भी इस ट्रेंड में कूद पड़ा. उन्होंने इस रीमिक्स गाने के साथ माधुरी दीक्षित का मूल वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि बैटमैन को भी मिशन पर जाने से पहले जोश से भरने वाले गाने की जरूरत होती है. वीडियो के कद्रदानों में धुरंधर के डायरेक्ट आदित्य धर ने भी सुजल को फॉलो किया है.
सुजल हाउस ऑफ एडटेक में एआई जर्नलिस्ट के तौर पर काम करते हैं. उन्होंने सुपरहीरो की जादुई दुनिया को भारत के चाय के टपरों, रेलवे ट्रैक और ऑटो रिक्शा के बीच लाकर खड़ा कर दिया है. यही वजह है कि लोग इस कमाल के देसी वर्जन को बार-बार देख रहे हैं.
यह भी पढ़ें | परात भर-भरकर घी गटक रहे मारवाड़ के लोग, देखने वाले बोले- शहरवालों का तो हाजमा बिगड़ जाएगा
यह भी पढ़ें | चीन के स्टोव चूल्हे उछल-उछलकर पका रहे सब्जी, देखकर लोग बोले- हम वेज-नॉनवेज में उलझे हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं