VIRAL VIDEO: आज के दौर में सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक, हर जगह लोग गुस्से से भरे बैठे हैं. कब, कौन, किस बात पर भड़क जाए, कोई नहीं जानता. कंटेंट क्रिएटर मुदस्सिर खान का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारत में सुकून से रहने के पांच बड़े ही व्यावहारिक नियम बताए हैं. मुदस्सिर का कहना है कि आज के समय में किसी के मामले में टांग अड़ाने का वक्त जा चुका है. अगर शांति से जीना है, तो इन पांच बातों को अपनी गांठ में बांध लीजिए.
1. सड़क की लड़ाई से रहें दूर
मुदस्सिर के मुताबिक, गाड़ी चलाते समय कोई कट मार कर निकल जाए या आपकी गाड़ी से हल्की सी छू भी जाए, तो गाड़ी से उतरकर लड़ने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. सड़क पर होने वाले इस झगड़े से खुद को दूर रखें. आपको नहीं पता कि सामने वाली गाड़ी में कौन बैठा है, उसका मिजाज कैसा है या उसके पास क्या है. बात बढ़कर कहां तक पहुंच जाएगी, आप अंदाजा भी नहीं लगा सकते.
2. दूसरों को ज्ञान बांटना बंद करें
सड़क पर चलते किसी अनजान शख्स को तमीज या 'सिविक सेंस' सिखाने की कोशिश न करें. आपके आगे चलते किसी इंसान ने गाड़ी की खिड़की से थूक दिया या कचरा सड़क पर फेंक दिया, तो उसे टोकने मत जाइए. आप बस खुद कचरा न फैलाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कीजिए. जिसे आप सुधारने जा रहे हैं, क्या पता वो उल्टा आपको ही कोई नुकसान पहुंचा दे.
3. सफर का तरीका बदलें
अगर आप परिवार के साथ ट्रेन से सफर कर रहे हैं, तो कोशिश करें कि हमेशा फर्स्ट क्लास का टिकट ही लें. मुदस्सिर का मानना है कि अगर फर्स्ट क्लास का टिकट नहीं मिल रहा, तो यात्रा टाल देना ही बेहतर है. वहीं, अगर आप अकेले सफर कर रहे हैं, तो सुरक्षा और सुकून के लिए फर्स्ट क्लास के केबिन की दोनों टिकट बुक करा लें ताकि आप अकेले सफर का आनंद ले सकें.
4. राजनीति पर चर्चा से बचें
पब्लिक प्लेस में चाय की दुकान या ट्रेन के डिब्बे में राजनीति पर बहस करने से पूरी तरह बचें. आजकल लोग राजनीतिक विचारों को लेकर बहुत ज्यादा संवेदनशील और आक्रामक हो चुके हैं. आपकी कही कोई भी आम बात किसी को ठेस पहुंचा सकती है और बहस देखते ही देखते बड़े विवाद का रूप ले सकती है.
यह भी पढ़ें | लालू-राबड़ी के घर पहुंचे 'तेजू भैया', किचन गार्डन दिखाकर बोले- यहां बारह मासी आम लगता है
5. 'सॉरी' कहें और आगे बढ़ें
सुकून की जिंदगी का सबसे बड़ा मंत्र यही है कि 'सॉरी' बोलिए और आगे बढ़ जाइए. कोई बहस करने आए तो कहिए, 'हां भाई, आप ही सही हो, मुझे माफ करो' और वहां से चुपचाप निकल लीजिए. मुदस्सिर खान बताते हैं कि उनके शहर औरंगाबाद (छत्रपती संभाजीनगर) में आए दिन बेहद मामूली बातों पर बड़ी वारदातें हो रही हैं. लोगों के भीतर अचानक इतना गुस्सा और बेचैनी कहां से आ गई, यह वाकई सोचने वाली बात है. ऐसे माहौल में खुद को सुरक्षित और शांत रखना ही समझदारी है.
यह भी पढ़ें | साउथ अफ्रीकी यूट्यूबर फैमिली का ट्रेन की चेयर कार में 26 घंटे सफर, बोली- बहुत बड़ी मिस्टेक हो गई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं