- सदर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला के अंतिम संस्कार के दौरान बंदर ने अर्थी के पास बैठकर लोगों को हैरान कर दिया.
- बंदर ने मृतका के ऊपर पड़ा कफन हटाकर उनके पैरों के पास कुछ देर तक बैठने का अनोखा व्यवहार दिखाया.
- परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण ग्रामीणों ने मिलकर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली थी.
यूपी के गाजीपुर में एक बंदर की हैरान कर देने वाली हरकत चर्चा का विषय बनी हुई है. एक महिला के अंतिम संस्कार से पहले बंदर अचानक मृतका की अर्थी के पास पहुंच गया और कुछ देर तक वहीं बैठा रहा. इसके बाद वह वापस पेड़ पर जाकर बैठ गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के सरैया छावनी लाइन इलाके में रहने वाली सुशीला, जो लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं, का रविवार को निधन हो गया. सोमवार सुबह परिजन और ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे. इसी दौरान वहां मौजूद एक बंदर की हरकत ने सभी को हैरान कर दिया.
बताया जा रहा है कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी और अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में भी मुश्किलें आ रही थीं. ऐसे में गांव के लोगों ने आगे बढ़कर परिवार की मदद की और अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली. तभी पेड़ पर बैठा एक बंदर अचानक नीचे उतरा और अर्थी के पास पहुंच गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदर ने मृतका के ऊपर पड़ा कफन हटाया, उनके पैरों के पास बैठ गया और कुछ देर तक वहीं रुका रहा. इसके बाद वह वापस पेड़ पर जाकर बैठ गया. वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. एक ओर परिवार अपनों को खोने के दुख से जूझ रहा था, वहीं दूसरी ओर बंदर की इस अप्रत्याशित हरकत ने लोगों को भावुक भी कर दिया और हैरानी में भी डाल दिया.
ये भी पढ़ें : टेबल-कुर्सी, कर्मचारी, सरकारी फाइलें... सब कुछ श्रीनगर से जाएगा जम्मू; कब से शुरू हुई ये परंपरा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं