राजस्थान के रणथंबोर राष्ट्रीय उद्यान से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक बाघ के चारों तरफ कई सफारी जीपें खड़ी नजर आ रही हैं, जिससे उसे आगे बढ़ने के लिए लगभग कोई जगह नहीं मिल रही. वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर @monty_thetraveller ने शेयर किया है. इसमें देखा जा सकता है कि बाघ शांत खड़ा है, जबकि आसपास मौजूद पर्यटक उसकी तस्वीरें खींचने में लगे हैं. इस दौरान ऐसा लग रहा है कि बाघ तनाव में है और आगे बढ़ने की कोशिश भी नहीं कर पा रहा.
क्यों खतरनाक है ‘सफारी जाम'?
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की स्थिति जानवरों के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकती है. जब बाघ जैसे जानवरों को चारों ओर से घेर लिया जाता है, तो उनके शरीर में तनाव हार्मोन (कॉर्टिसोल) बढ़ सकता है. इससे जानवर आक्रामक हो सकता है. उसके व्यवहार में बदलाव आ सकता है. लंबे समय में प्रजनन (reproduction) पर भी असर पड़ सकता है. हाल ही में एक ऐसे ही मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. पीएम धाकटे ने कहा था कि सफारी जाम जानवरों की प्राकृतिक गतिविधियों को बाधित करता है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
देखें Video:
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
इस वीडियो को अब तक हजारों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में लोगों ने इस पर नाराजगी जताई है. कुछ यूजर्स का कहना है कि इन इंसानों के बीच बाघ ज्यादा सभ्य लग रहा है. एक यूजर ने कहा- अपने ही घर में ट्रैफिक जाम झेल रहा है बाघ! दूसरे ने कहा- फोटो लेने के चक्कर में जानवर को परेशान करना गलत है. कई लोगों ने वन विभाग से सख्त नियम लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
क्या बदलने की जरूरत है?
यह घटना एक बार फिर यह सवाल उठाती है कि क्या वाइल्डलाइफ टूरिज्म को सही तरीके से मैनेज किया जा रहा है? विशेषज्ञों का मानना है कि सफारी वाहनों की संख्या सीमित होनी चाहिए. जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है. नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो यह टूरिज्म धीरे-धीरे जानवरों के लिए खतरा बन सकता है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: बाल से भी पतला QR Code! वैज्ञानिकों ने बनाया दुनिया का सबसे छोटा कोड, आंखों से भी देख पाना मुश्किल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं