VIRAL VIDEO: जब एक विदेशी सैलानी भारत की ट्रेन में पैर रखता है, तो उसे सिर्फ सफर नहीं, बल्कि जिंदगी के सबसे खूबसूरत और चटपटे अनुभव मिलते हैं. कुछ ऐसा ही हुआ दक्षिण कोरिया की मशहूर ट्रैवल व्लॉगर सिंडी के साथ. सिंडी ने अपने यूट्यूब चैनल "CARPE CINDY" पर उदयपुर से जयपुर तक के अपने सफर का एक बेहद मजेदार व्लॉग शेयर किया है. अकेले सफर पर निकलीं सिंडी को क्या पता था कि भारतीय रेल का यह डिब्बा उनके लिए खिलखिलाते चेहरों और अनूठे देसी खेलों का अखाड़ा बनने वाला है. लड़की ने अपने अनुभव वीडियो में शेयर करते हुए कहा कि ये तो असली भारत है.
अजनबियों से दोस्ती और खेलों का दौर
ट्रेन के चलते ही सिंडी की मुलाकात कुछ भारतीय कॉलेज दोस्तों के ग्रुप से हुई, जो साइकोलॉजी के स्टूडेंट थे. फिर क्या था, भाषा की दीवारें टूट गईं और अजनबियों का यह सफर हंसी-मजाक की पटरी पर दौड़ पड़ा. भारतीय दोस्तों ने सिंडी को ताश के पत्तों से लेकर बचपन के वो मशहूर खेल सिखाए, जिन्हें खेलकर हर भारतीय बड़ा हुआ है.
जब उड़ गई गाय और बंदर!
इस सफर का सबसे मजेदार हिस्सा तब शुरू हुआ जब ट्रेन में 'चिड़िया उड़, तोता उड़' का देसी वर्जन खेला गया. खेल के दौरान मस्ती का आलम यह था कि जब एक दोस्त ने हवा में उंगली उठाने के उत्साह में 'गाय उड़' और 'बंदर उड़' कहा, तो सिंडी को छोड़कर बाकी सब अपनी उंगलियां हवा में उठा बैठे. सिंडी अपनी सूझबूझ से यह गेम जीत गईं और हंसते हुए बोलीं, "मुझे नहीं पता इन लोगों ने उड़ती हुई गाय कहां देख ली." इसके बाद हंसी के ठहाकों से पूरा डिब्बा गूंज उठा.
राजा-मंत्री और चोर-सिपाही का खेल
मनोरंजन यहीं खत्म नहीं हुआ. दोस्तों ने सिंडी को सदियों पुराना और भारत के हर घर में खेला जाने वाला 'राजा-मंत्री, चोर-सिपाही' का खेल भी खिलाया. सिंडी को खेल के नियम समझाए गए कि कैसे 'वज़ीर' को चोर का पता लगाना होता है. सिंडी ने टूटी-फूटी अंग्रेजी और इशारों की मदद से इस खेल का पूरा लुत्फ उठाया और भारतीय संस्कृति के इस अनूठे रंग में पूरी तरह रंग गईं.
यह भी पढ़ें | भारत की सबसे लंबी दूरी की ट्रेन में 75 घंटे तड़पा ब्रिटिश यूट्यूबर, फिर फरिश्ता बनकर आया सेना का जवान
विदा लेते हुए कहा- शुक्रिया भारत!
जयपुर स्टेशन आने तक सिंडी इस ग्रुप की पक्की दोस्त बन चुकी थीं. सिंडी ने बताया कि भारत की उनकी यह दूसरी यात्रा है और जयपुर इस ट्रिप का आखिरी पड़ाव. चलते-चलते उन्होंने भारतीय रेल, यहां के जिंदादिल लोगों और मेहमाननवाजी का शुक्रिया अदा किया. सिंडी का यह व्लॉग सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग कह रहे हैं- "यही तो असली भारत है."
यह भी पढ़ें | ब्रिटिश यूट्यूबर का भारत की महंगी ट्रेन में सफर, 24 लाख का टिकट लिया, बताया- अंदर क्या सुविधाएं मिलती हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं