Trending: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक शख्स ने पहली बार बिना टिकट स्लीपर कोच में सफर करने की बात कबूली और फिर रेलवे से इसके लिए सर्टिफिकेट भी मांग लिया. इस पर साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने न सिर्फ उसे तगड़ा जवाब दिया, बल्कि मजाक-मजाक में जेल जाने के नियम भी याद दिला दिए.
कैसे शुरू हुई ये बात?
असल में, 18 नवंबर को एक्स पर एक पिता ने इंडिगो फ्लाइट को टैग करते हुए पोस्ट किया था. उन्होंने बताया था कि 20 नवंबर को उनकी बेटी पहली बार फ्लाइट में बैठने जा रही है और इस पल को खास बनाने के लिए उन्हें फर्स्ट फ्लाइट सर्टिफिकेट चाहिए.
'डियर रेलवे! क्या मुझे...'
इसी पोस्ट को देखकर 'वडे मरप्पा' नाम के एक यूजर को शरारत सूझी. उसने लिखा, 'डियर रेलवे, क्या मुझे आपके स्लीपर कोच में सफर करने का कोई सर्टिफिकेट मिल सकता है क्या? यह मेरी पहली ट्रेन यात्रा थी. मेरे पास टिकट तो नहीं था, लेकिन प्लीज इस बार एक्सेप्शन मान लें.'
'EFT मिलेगा, उसे फ्रेम करवा लेना'
शख्स की पोस्ट पर साउथ ईस्ट रेलवे ने भी कमाल का जवाब दिया. उन्होंने लिखा, 'बिना टिकट सफर करने पर आपको कोई सर्टिफिकेट तो नहीं मिलेगा, लेकिन एक एक्सेस फेयर टिकट जरूर मिल जाएगा, जिसे आप चाहें तो घर पर फ्रेम करवा कर लगा सकते हैं. याद रखें: बिना टिकट यात्रा करने पर रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 138 के तहत लागू किराया और अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है. अगर आप इसका भुगतान नहीं करते हैं, तो आपको जेल भी हो सकती है. बेहतर यही है कि टिकट खरीद लें.'
'मैंने तो बस व्यंग्यात्मक पोस्ट की थी'
रेलवे के जवाब पर रिप्लाई करते हुए शख्स ने कहा, 'भाई, मैंने तो साफ तौर पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट थी, पर धन्यवाद मैं इस बात का ध्यान रखूंगा.'
यहां पढ़ें पूरी पोस्ट:-
@secrail Bro. It was obviously a sarcastic post, but thank you :) will keep this in mind.
— Vade Marappa (@BuddhiPurusa6) November 18, 2026
कमेंट्स में लोगों ने लिए मजे
रेलवे का यह कूल अंदाज इंटरनेट यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है और वे कमेंट बॉक्स में अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'मुझे खुशी है कि व्यंग्यात्मक पोस्ट का जवाब उसी के अंदाज में मिल गया.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'क्या बर्बरतापूर्ण उत्तर है. संदेश भी स्पष्ट है और डिलीवरी भी मनोरंजक है.'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'पब्लिक अवेयरनेस के लिए इस तरह के व्यंग्य का प्रयोग करने का तरीका अच्छा है.'
चौथे यूजर ने लिखा, 'इस तरह की बकवास करने के बजाय, ट्रेनों को समय पर चलाने की कोशिश करें.'
यह भी पढ़ें:- मां से किया वादा तोड़कर जर्मनी की जुड़वां बहनों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, बोलीं- 'अब मम्मी भी हमारी फैन हैं'
यह भी पढ़ें:- 137 मिलियन व्यूज ने बदली महाराष्ट्र के बच्चे की किस्मत, होंडा डीलर ने उठाया ग्रेजुएशन तक पढ़ाई के खर्च का जिम्मा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं