बेंगलुरु में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कैब ड्राइवर ने यात्री से तय किराए से कई गुना ज्यादा पैसे मांग लिए. यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है और लोगों में चिंता बढ़ा दी है.
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट के मुताबिक, एक शख्स ने Ola ऐप के जरिए मेजेस्टिक से जालहल्ली तक कैब बुक की थी. ऐप पर किराया सिर्फ 285 रुपये दिख रहा था. लेकिन, सफर के बाद ड्राइवर ने अपने फोन में 5,950 रुपये का बिल दिखाया और कहा कि यात्री को यह रकम देनी होगी. ड्राइवर का दावा था कि यात्री ने पहले कुछ राइड्स कैंसल की थीं, जिसकी वजह से यह पैसा उससे लिया जा रहा है.
NEW SCAM BY OLA DRIVERS IN BANGALORE
— Unni (@Unnitalks) March 16, 2026
Extremely disturbing experience with an Ola ride today from Majestic to Jalahalli, Bengaluru.
The ride initially showed a fare of ₹285 in the Ola app. However, after reaching my destination, the driver showed a bill of ₹5950 on his phone…
बढ़ा तनाव, भाषा बनी परेशानी
जब यात्री ने ऐप में दिख रहे किराए की बात कही, तो ड्राइवर आक्रामक हो गया और लगातार पैसे देने का दबाव बनाने लगा. स्थिति और मुश्किल तब हो गई जब ड्राइवर कन्नड़ में बात कर रहा था और यात्री उस भाषा में पूरी तरह सहज नहीं था. यात्री ने कंपनी के इमरजेंसी सपोर्ट से संपर्क किया, लेकिन उसे वहां से कोई ठोस मदद नहीं मिली. उसने बताया कि सपोर्ट टीम का रवैया भी ठीक नहीं था और समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया.
स्थिति तब संभली जब यात्री का मकान मालिक मौके पर पहुंचा. उन्होंने ड्राइवर को पुलिस स्टेशन चलने की सलाह दी. जैसे ही दोनों पुलिस स्टेशन जाने लगे, ड्राइवर बीच रास्ते से ही गाड़ी मोड़कर फरार हो गया.
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर कॉल करना चाहिए. वहीं, कई यूजर्स ने कैब कंपनियों की नीतियों पर सवाल उठाए. कई लोगों का मानना है कि सिर्फ पैसे रिफंड करना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि ऐसे ड्राइवरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: Crime Patrol का सीन लग रहा है! कीचड़ भरे तालाब में लेटकर कपल ने कराया प्री-वेडिंग शूट, खूब उड़ा मजाक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं