विज्ञापन

ट्रेडिंग में डूबे पैसे तो बेटे ने ही साफ कर दी पिता की अलमारी, सीसीटीवी से सच आया सामने, 2 गिरफ्तार

पूछताछ करने पर शिकायतकर्ता के बेटे सायन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि  ​वह शेयर बाजार  में काफी पैसा हार चुका था. ​उस पर कर्ज का भारी दबाव था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपने ही घर में चोरी का प्लान बनाया.

ट्रेडिंग में डूबे पैसे तो बेटे ने ही साफ कर दी पिता की अलमारी, सीसीटीवी से सच आया सामने, 2 गिरफ्तार

दिल्ली के शकरपुर इलाके में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. चौंकाने वाली बात इस मामले में यह रही कि घर के गहनों की चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी चोर नहीं, बल्कि घर का बेटा ही निकला. दिल्ली पुलिस ने शिकायतकर्ता के बेटे और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 20 लाख रुपये के सोने के गहने बरामद किए हैं.

पूर्वी दिल्ली ​डीसीपी राजीव कुमार के मुताबिक ​18 मार्च को शकरपुर के स्कूल ब्लॉक में रहने वाले सरजीत सरकार ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर का ताला खोलकर किसी ने चोरी कर ली है. सरजीत सरकार आईटीओ में क्लिनिक चलाते हैं. वारदात वाले दिन वह अपने परिवार के साथ वैशाली, गाजियाबाद गए हुए थे. जब वह वापस लौटे, तो घर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से लाखों के जेवर व नकदी गायब थी. 

​इसके बाद ​जब शकरपुर पुलिस की टीम और क्राइम टीम ने मौके की जांच की, तो उन्हें एक अजीब बात दिखी. घर के दरवाजे या अलमारी का ताला टूटा हुआ नहीं था. इससे पुलिस को शक हुआ कि इसमें किसी जानकार का हाथ हो सकता है. 

डीसीपी ने आगे बताया कि  ​इंस्पेक्टर विजेंद्र नागर और एसएचओ कमल किशोर की टीम ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और परिवार के लोगों से पूछताछ की, तो शक की सुई शिकायतकर्ता के बेटे सायन सरकार की ओर घूमी. 

​कड़ाई से पूछताछ करने पर शिकायतकर्ता के बेटे सायन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि  ​वह शेयर बाजार  में काफी पैसा हार चुका था. ​उस पर कर्ज का भारी दबाव था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपने ही घर में चोरी का प्लान बनाया. ​उसने अपने दोस्त विशाल को घर की नकली चाबी दी और उसे पूरी जानकारी दी कि गहने कहाँ रखे हैं. ​जब पूरा परिवार घर से बाहर गया, तो विशाल ने चुपचाप घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. 

​फिलहाल दिल्ली  ​पुलिस ने दोनों आरोपियों, विशाल और सायन सरकार को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से चोरी किए गए 20 लाख रुपये के गहने बरामद हुए हैं, जिनमें सोने के नेकलेस और चेन, ​सोने की चूड़ियां, कंगन और ब्रेसलेट, ​सोने और हीरे की अंगूठियां ​सोने के टॉप्स और झुमके शामिल हैं. इसके अलावा, पुलिस ने वह कपड़े और जूते भी बरामद कर लिए हैं जो आरोपी विशाल ने चोरी के समय पहने थे. पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com