Viral Video: भारत की मिट्टी में कुछ ऐसा जादू है कि सात समंदर पार से आने वाले भी इसके रंग में रंग जाते हैं. ऐसा ही एक ताजा मामला मुंबई से सामने आया है, जहां रह रही रोमानिया की कंटेंट क्रिएटर मारिया एलेक्जेंड्रा नवरात्रि में गरबा का क्रेज देखकर बेहद भावुक हो गईं. मॉल में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को मां दुर्गा की भक्ति में झूमते देख मारिया की आंखों से आंसू छलक पड़े. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन में कभी ऐसा खूबसूरत नजारा नहीं देखा, जहां डांस ही पूजा का रूप बन गया हो. अब इंटरनेट पर लोग उनके वीडियो की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
मां दुर्गा की भक्ति में लीन है हर उम्र के लोग
सफेद कुर्ता और कानों में झुमके पहने मारिया एक मॉल में चल रहे गरबा प्रोग्राम में पहुंची थीं. वहां का नजारा देखकर उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं. पारंपरिक कपड़ों में सजे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को एक साथ ताल से ताल मिलाते देख मारिया ने कैमरे के सामने दिल खोलकर रख दिया. मारिया ने बेहद भावुक होकर कहा, "मैंने जिंदगी में कभी ऐसा नजारा नहीं देखा. मैं खुद को किस्मतवाली मानती हूं कि अक्टूबर के त्योहारों के सीजन में मैं भारत में हूं. यहां हर उम्र के लोग मां दुर्गा की भक्ति में लीन होकर गरबा कर रहे हैं."
ऐसी आस्था नहीं देखी
मगर जिस बात ने मारिया का दिल सबसे ज्यादा छुआ, वो थी गरबा के पीछे की आस्था. उन्होंने कहा, "मुझे यह देखकर बहुत हैरानी हुई कि यहां डांस सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि मां दुर्गा की पूजा का ही एक रूप है. हर एक इंसान नाचते हुए वास्तव में मां की आराधना कर रहा है. यह डांस आस्था से अलग नहीं है, बल्कि यही आस्था है."
यह भी पढ़ें | पहली बार वंदे भारत की एग्जीक्यूटिव क्लास में बैठा नीदरलैंड का यूट्यूबर, बोला- 'इस फीचर ने तो दिल जीत लिया'
छलक आए आंसू, संस्कृति से प्यार हो गया
गरबा देखते-देखते मारिया इस कदर खो गईं कि उनके आंसू छलक आए. उन्होंने कहा, "मैं काफी देर तक बस उन्हें नाचते देखती रही और मेरी आंखें भर आईं. शायद ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मुझे भारत की संस्कृति से प्यार हो गया है. या फिर यह सोचकर कि मुझे जल्द ही यह देश छोड़कर जाना है. सच कहूं, तो इतने सारे लोगों को एक साथ खुश देखना ही अपने आप में अद्भुत है."
इंटरनेट पर लोग मारिया की इस समझ और संवेदनशीलता की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "आपने हमारी संस्कृति को कितनी खूबसूरती से समझा है, इसके लिए शुक्रिया." वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "हम भारतीय दो दिन बिना खाने के रह सकते हैं, लेकिन संगीत, चाय और सवाल पूछे बिना नहीं रह सकते."
यह भी पढ़ें | अहमदाबाद में गरबे के बीच अचानक घुसी महिला जासूस, लड़कों के करने लगी फोन चेक, लोग बोले- ये तो धुरंधर है
यह भी पढ़ें | पहली बार भारतीय ट्रेन में चढ़ी नीदरलैंड की महिला, भीड़ देखकर घबराईं; बोलीं- 'आगरा से भगा देंगे'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं