VIRAL VIDEO: अहमदाबाद में इस समय नवरात्रि की धूम है, लेकिन इस बार गरबा ग्राउंड्स पर रंग-बिरंगी पारंपरिक ड्रेस में घूम रही हर महिला सिर्फ डांडिया खेलने नहीं आई है. जरा गौर से देखिए. चनिया-चोली पहने, कदम से कदम मिलाकर डांडिया खेलती ये महिलाएं दरअसल अहमदाबाद पुलिस की स्पेशल 'शी टीम' (SHE Team) की जांबाज सिपाही हैं. अहमदाबाद पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस अनोखी मुहिम की शुरुआत की है. वर्दी उतारकर ये महिला पुलिसकर्मी अंडरकवर होकर आम लोगों के बीच पूरी तरह घुल-मिल गई हैं. इनका मकसद सीधा और साफ है, गरबा के रंग में भंग डालने वाले मनचलों और हुड़दंगियों पर पैनी नजर रखना और लड़कियों को एक सुरक्षित माहौल देना.
ग्राउंड जीरो से लाइव एक्शन
हाल ही में पश्चिमी अहमदाबाद के सरखेज इलाके के एक बड़े एसी गरबा डोम में 'शी टीम' की मुस्तैदी देखने को मिली. जब पारंपरिक पोशाक में सजी टीम वहां मुआयना कर रही थी, तब उन्हें एक युवक महिलाओं के वीडियो रिकॉर्ड करता मिला. टीम ने तुरंत उसे दबोचा और फोन की जांच की. पता चला कि वह अपने ही ग्रुप की महिलाओं के वीडियो बना रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे सख्त हिदायत देकर छोड़ा.
https://t.co/FW07q9cUYY
— Ahmedabad Police અમદાવાદ પોલીસ (@AhmedabadPolice) October 12, 2026
चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर
अहमदाबाद के पश्चिमी इलाकों, बड़े क्लबों और पार्टी प्लॉटों में ऐसी करीब 8 स्पेशल टीमें रात आठ बजे से लेकर गरबा खत्म होने तक तैनात रहती हैं. ये सिर्फ गश्त नहीं कर रहीं, बल्कि CCTV कैमरों और सुरक्षा पुख्ता करने में जुटी हैं. अहमदाबाद पुलिस का मैसेज बिल्कुल साफ है, दूसरों की प्राइवेसी का सम्मान करें, बिना मर्जी के किसी का वीडियो न बनाएं और गरबा की पावन भावना को ठेस न पहुंचाएं. वीडियो देखने के बाद लोग अहमदाबाद पुलिस की इस मुहिम की तारीफ कर रहे हैं. कुछ लोगों ने गरबे में घुसी लेडी पुलिस को अंडरकवर एजेंट और धुरंधर बोल रहे हैं. वहीं, कुछ लोगों ने सवाल उठाए कि अंडर कवर एजेंट को देखकर साफ साफ पता चल रहा है कि वो महिला पुलिस का स्टाफ है. क्योंकि पीछे बॉडीगार्ड जैसी महिला दिख रही हैं.
यह भी पढ़ें | 'गुरुग्राम बिगनर्स के लिए नहीं...' चलते ट्रक में दूल्हा-दुल्हन कर रहे शादी, लोग बोले- काफी सस्ता जुगाड़ है
यह भी पढ़ें | 'लाल मिर्च के धंधे में अंधी कमाई, 90 दिन में पैसा डबल', अनाज मंडी के व्यापारी ने बताया सीक्रेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं