- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बदले कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म, त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे का बड़ा फैसला
- नई दिल्ली स्टेशन पर एक माह तक लागू रहेगा प्लेटफॉर्म परिवर्तन
- वंदे भारत, श्रमजीवी और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें नए प्लेटफॉर्म से चलेंगी
त्योहारों के मौसम में घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्था लागू की है. स्टेशन पर निर्माण कार्य और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए 16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक एक दर्जन से अधिक ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव किया गया है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखकर उठाया गया है, ताकि त्योहारों के दौरान स्टेशन परिसर में अनावश्यक दबाव और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो.
एक महीने तक लागू रहेगा बदलाव
रेलवे के अनुसार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं. यह व्यवस्था 16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक प्रभावी रहेगी. इसके बाद परिस्थितियों की समीक्षा के आधार पर ट्रेनों को फिर से उनके पुराने प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया जा सकता है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल है. यहां प्रतिदिन 300 से अधिक रेलगाड़ियां संचालित होती हैं और औसतन चार लाख यात्री रोजाना सफर करते हैं.
निर्माण कार्य के कारण लिया गया फैसला
स्टेशन परिसर में पिछले लगभग एक वर्ष से निर्माण कार्य चल रहा है. इसके चलते पहाड़गंज की ओर यात्रियों की आवाजाही प्रभावित है. अधिकांश यात्री अजमेरी गेट की तरफ से स्टेशन पहुंच रहे हैं, जिससे कुछ प्लेटफॉर्मों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है. रेलवे का मानना है कि प्लेटफॉर्म परिवर्तन से भीड़ का बेहतर वितरण हो सकेगा और यात्रियों को ट्रेन तक पहुंचने में सुविधा होगी.
इन ट्रेनों के बदले प्लेटफॉर्म
- 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस : प्लेटफॉर्म 13 से 1
- 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस : प्लेटफॉर्म 12 से 7
- 12046 काठगोदाम शताब्दी : प्लेटफॉर्म 2 से 1
- 15306 रोहतक इंटरसिटी एक्सप्रेस : प्लेटफॉर्म 7 से 2
- 19566 उत्तरांचल एक्सप्रेस : प्लेटफॉर्म 1 से 4
- 12472/74/76/78 : प्लेटफॉर्म 1 से 8
- 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस : प्लेटफॉर्म 8 से 1
- 22435 वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस : प्लेटफॉर्म 16 से 6
- 64441/64410 : प्लेटफॉर्म 14 से 12
- 54473 : प्लेटफॉर्म 15 से 6
- 64409/64076 : प्लेटफॉर्म 8 से 9
- 64016 : प्लेटफॉर्म 1 से 4
चार प्रमुख स्टेशनों पर बनेगा कंट्रोल रूम
त्योहारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई दिल्ली, आनंद विहार, दिल्ली जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे.
इन कंट्रोल रूम में रेलवे, प्रशासन और अन्य विभागों के कर्मचारी तैनात रहेंगे ताकि यात्रियों की शिकायतों और समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके. 5 नवंबर से 14 नवंबर तक विशेष निगरानी व्यवस्था लागू रहेगी. रेलवे प्रशासन ने प्रत्येक स्टेशन के लिए एडीएम स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने ट्रेन नंबर और प्लेटफॉर्म की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने पर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें : दिल्ली की ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों में अफरा-तफरी, राजधानी जाने के लिए स्टेशनों पर उमड़ी भीड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं