विज्ञापन

स्कॉटलैंड के यूट्यूबर ने पहली बार किया सेकंड एसी में सफर, बोला- 'इसके आगे अमेरिका-ब्रिटेन फेल'

स्कॉटलैंड के ट्रैवलर ह्यू ने पहली बार भारतीय रेलवे के सेकंड एसी में सफर कर अपना बेबाक अनुभव साझा किया है. उन्हें ट्रेन की प्राइवेसी और 80 रुपये की वेज बिरयानी का स्वाद बेहद पसंद आया.

स्कॉटलैंड के यूट्यूबर ने पहली बार किया सेकंड एसी में सफर, बोला- 'इसके आगे अमेरिका-ब्रिटेन फेल'
933 रुपये के सफर और 80 की बिरयानी का रिव्यू वायरल.
YT@hughabroad

VIRAL VIDEO: स्कॉटलैंड के ट्रैवल यूट्यूबर ह्यू (Hugh) ने बेंगलुरु से चेन्नई के बीच अपनी पहली भारतीय ट्रेन यात्रा की. इस खास सफर का अनुभव उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है. महज 933 रुपये के टिकट में साढ़े चार घंटे का यह सफर उनके लिए हैरानी, स्वाद और कुछ खट्टे-मीठे अनुभवों से भरा रहा. उन्होंने कहा कि अमेरिका से लेकर ब्रिटेन तक की ट्रेन में ऐसी सुविधाएं नहीं मिलती. कम बजट में उनका यह सफर बिल्कुल पैसा वसूल रहा.

एयरपोर्ट जैसा स्टेशन देख दंग हुआ यूट्यूबर

यूट्यूबर ह्यू ने संघमित्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के सेकंड एसी (2AC) में सफर किया. उन्होंने बताया कि विदेशी बैंक कार्ड और भारतीय मोबाइल नंबर न होने की वजह से उनके लिए ऑनलाइन टिकट बुक करना लगभग नामुमकिन था. ऐसे में केरल में उनके होम-स्टे मालिक ने यह टिकट बुक करके उन्हें रंगीन प्रिंटआउट दिया.

बेंगलुरु स्टेशन पहुंचकर ह्यू दंग रह गए. उनके मुताबिक, स्टेशन इतना आधुनिक था कि वह किसी एयरपोर्ट टर्मिनल जैसा लग रहा था, हालांकि वहां बैठने के लिए कुर्सियां कम थीं और गर्मी काफी ज्यादा थी.

ब्रिटेन और जापान से भी ज्यादा खुली जगह

लोगों से पूछते-पाछते जब वह अपने कोच (HA1) में पहुंचे, तो अपनी 'साइड लोअर' सीट देखकर खुश हो गए. उन्होंने कहा कि वह जापान, कोरिया, अमेरिका और यूरोप की ट्रेनों में घूम चुके हैं, लेकिन दिन के सफर में इतनी खुली जगह और प्राइवेसी के लिए पर्दे उन्हें कहीं नहीं मिले. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ब्रिटेन में भारी किराया देकर भी आपको अनचाहे सहयात्री की कोहनी और पैर झेलने पड़ते हैं, लेकिन यहां वह अपनी सीट के राजा थे.

चाय, मेदू वड़ा और बिरयानी ने जीता दिल

सफर शुरू हुआ तो खाने-पीने का दौर चला. 10 रुपए की मीठी चाय को उन्होंने 10 में से 7 नंबर दिए. इसके बाद 30 रुपए में मिले कुरकुरे और गरमा-गरम वड़े उन्हें इतने पसंद आए कि उन्होंने बिना चटनी के भी इसे 8 नंबर दे दिए. असली मजा तब आया जब उन्होंने 80 रुपए की वेज बिरयानी खरीदी. खिड़की के बाहर ताड़ के पेड़ और पहाड़ों के नजारों के बीच, तीखी बिरयानी और खट्टे अचार का स्वाद उन्हें 'फर्स्ट क्लास' अनुभव दे गया. खुश होकर उन्होंने वेंडर को 100 रुपए दिए और बिरयानी को 10 में से 9 नंबर दिए.

यह भी पढ़ें | मंदसौर से यूरोप गए इंडियन ने बताया वहां रहने का पूरा खर्चा, बोला- 'हर महीने 30 हजार टैक्स देता हूं'

बदबूदार टॉयलेट और जनरल कोच की भीड़ ने चौंकाया

ह्यू ने ट्रेन की कमियों को भी बेबाकी से दिखाया. ट्रेन चलने से पहले ही टॉयलेट में इतनी भयानक बदबू थी कि उनका जी मिचलाने लगा और वहां टिश्यू पेपर भी खत्म था. पटरियों के किनारे फैले प्लास्टिक कचरे ने भी उन्हें निराश किया. जब वह ट्रेन का जायजा लेते हुए जनरल (थर्ड क्लास) कोच की तरफ गए, तो वहां की भयंकर गर्मी और खचाखच भरी भीड़ देखकर उनके पसीने छूट गए. 

यह भी पढ़ें | ट्रेन में RAC सीट पर ब्रिटिश यूट्यूबर ने किया 75 घंटे सफर, बोला- फर्श पर बैठ फौजी ने मेरे लिए सीट छोड़ दी

बातचीत के दौरान सहयात्रियों ने उन्हें मीठा पान भी खिलाया, जो उन्हें खास पसंद नहीं आया. कुल मिलाकर, सिर्फ 20 मिनट की देरी से चेन्नई पहुंची इस ट्रेन को ह्यू ने अपने देश की 'स्कॉट रेल' से कहीं बेहतर और पैसा वसूल बताया.

लोगों ने ट्रेन सफर को लेकर दी सलाह

इस वीडियो पर यूजर्स ने क्रिएटर को नसीहतों से लेकर मजेदार तानों तक से नवाज दिया. मसलन, @TheFiretiger20 ने साल के सबसे गर्म महीने में चेन्नई चुनने पर उन्हें 'बेस्ट ऑफ लक' कहा, तो वहीं @JenishTheCrafter ने एक सच्चे भारतीय की तरह अपनी चिंता जताते हुए लिखा कि जब क्रिएटर को ट्रेन छूटने के आधे घंटे पहले तक अपने प्लेटफॉर्म का ही पता नहीं था, तो उनकी खुद की धड़कनें बढ़ गई थीं. सुरक्षा के लिहाज से @3-Eyed-Raven ने उन्हें ट्रेन में अपना सामान लावारिस न छोड़ने की कड़े लहजे में हिदायत दी, जबकि खाने के शौकीनों की तरफ से @p.k.953 ने गहरा दुख जताते हुए लिखा, "बिना नारियल चटनी और सांभर के मेदू वड़ा खाने वाले भाई, मुझे तुम्हारे लिए वाकई बहुत बुरा लग रहा है." वहीं, भारतीय मेहमाननवाजी की मिसाल पेश करते हुए @AmanYadav-fq3xr ने उन्हें 'अतिथि देवो भव:' का संदेश देते हुए किसी भी आपातकालीन मदद के लिए रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 की जानकारी दी, जो दिखाता है कि सोशल मीडिया की जनता अपने विदेशी मेहमानों की फिक्र करने में कभी पीछे नहीं रहती.

यह भी पढ़ें | ट्रेन में विदेशी यूट्यूबर को मिला 'मां का प्यार', भारतीयों की मेहमाननवाजी देख बोला- ये लोग बड़े प्यारे हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Foreigner Experience In India, Foreigner Explains What India Does Better, India Travel Vlog 2026, Indian Train AC Compartment, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com