VIRAL VIDEO: केरल के एर्नाकुलम से मुंबई के पनवेल तक चेयर कार (CC) में 26 घंटे का लंबा सफर. सुनने में ही बदन दर्द करने लगता है. एक दक्षिण अफ्रीका की ट्रैवल यूट्यूबर ग्रियरसन फैमिली ने जब अपनी यात्रा के लिए यह फैसला लिया, तो उन्हें अंदाजा नहीं था कि वे खुद को किस बड़ी मुसीबत में डालने जा रहे हैं. सफर खत्म होने के बाद थकी-हारी फैमिली ने माना कि बिना स्लीपर के इतना लंबा सफर करना उनकी एक बहुत बड़ी भूल थी. यूट्यूबर ने ये न भूलने वाला सफर अपने यूट्यूब चैनल पर 'Shortleft Travels' पर शेयर किया है.
जनरेटर की आवाज और अकड़ता रहा बदन
यूट्यूबर ने बताया कि ट्रेन में थर्ड एसी की सीटें खाली न होने के कारण उन्होंने चेयर कार में सफर करने की चुनौती स्वीकार की. चार लोगों की इस फैमिली का टिकट करीब 4,500 रुपये का था. उनकी सीटें ट्रेन के सबसे आखिरी कोच में थीं, जिसके ठीक पीछे जनरेटर कार अपनी तेज आवाज के साथ चल रहा था. शुरुआत में तो सब कुछ नया और मजेदार लग रहा था, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, असली परीक्षा शुरू हो गई.
बिना चम्मच के खाई बिरयानी
रास्ते में भूख लगने पर यूट्यूबर ने कोझिकोड स्टेशन के पास मलाबार बिरयानी और फ्राइड राइस का ऑर्डर दिया. खाना तो समय पर आ गया, लेकिन उसमें चम्मच ही नहीं थे. आखिरकार, हाथ धोकर पारंपरिक भारतीय अंदाज में बिना चम्मच के ही बिरयानी खानी पड़ी. विदेशी फैमिली ने हंसते हुए कहा कि बिना चम्मच के हाथ से खाने में बिरयानी का स्वाद और भी ज्यादा लाजवाब लग रहा था. रात को मंगलोर स्टेशन पर खाना ऑर्डर करने पर एक और मजेदार वाकया हुआ, जहां जोमैटो का ऑर्डर स्विगी का डिलीवरी बॉय लेकर आया.
रात भर जलती रही लाइट, उड़ गई नींद
सफर की सबसे बड़ी आफत तब आई जब रात हुई. चेयर कार की बत्तियां रात में भी बंद नहीं की जाती हैं. यूट्यूबर ने बताया कि आंखों पर टोपी और चादर डालकर सोने की कोशिश पूरी तरह नाकाम रही. रात के 2 बजे मडगांव स्टेशन पर जब ट्रेन रुकी, तो बदन बुरी तरह अकड़ चुका था. यूट्यूबर बगल की स्लीपर और एसी बोगियों में चैन से सो रहे लोगों को देखकर काफी ईर्ष्या महसूस कर रहे थे.
सफर का कुल खर्च और सीख
पूरी यात्रा के दौरान खाने-पीने और स्नैक्स पर करीब 3 हजार रुपए का खर्च आया. रास्ते में कुछ गुजराती सह-यात्रियों ने उन्हें घर की बनी स्वादिष्ट नानखटाई भी खिलाई. फैमिली का कहना है कि हालांकि 26 घंटे बैठकर यात्रा करना थका देने वाला और एक बड़ी गलती जैसा था, लेकिन भारतीय रेलवे के इस सफर ने उन्हें अद्भुत यादें और नए दोस्त भी दिए.
यह भी पढ़ें | भारत की सबसे महंगी ट्रेन में ब्रिटिश यूट्यूबर का 3 दिन का सफर, बोले- इसकी प्राइवेसी ने दिल जीत लिया
यूजर्स ने विदेशी मेहमानों को दी सलाह
ट्रेन के इस बेहद लंबे और थका देने वाले सफर पर उनके फैंस ने रिएक्शन दिए. @Nitmiz ने इस सफर को कोई साधारण यात्रा नहीं बल्कि एक असली 'सर्वाइवल चैलेंज' बताते हुए कहा कि ऐसे सफर में मिलने वाले आम लोग ही सफर को यादगार बनाते हैं, वहीं @KiranMachiraju ने लिखा कि चेयर कार में 24 घंटे बिताना किसी सजा से कम नहीं है. @nitin-w6d5q ने सफर के दौरान खाने की डिलीवरी पर चुटकी लेते हुए कहा कि स्विगी वाले का जोमैटो का ऑर्डर डिलीवर करना अलग ही लेवल का तालमेल है. दूसरी तरफ, @kalyanchakravarthy ने मजाक में इन्हें हैदराबाद आने का न्योता देते हुए कहा कि असली एडवेंचर देखना है तो हावड़ा से फलकनुमा एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में 24 घंटे का सफर करके देखो, जबकि @antonovverkhoyansk9170 ने इस परिवार के जिंदादिली की तारीफ करते हुए लिखा कि आप लोग अपनी सकारात्मक ऊर्जा से आम और उबाऊ सफर को भी बेहद दिलचस्प बना देते हैं.
यह भी पढ़ें | भारत की सबसे लंबी दूरी की ट्रेन में 75 घंटे तड़पा ब्रिटिश यूट्यूबर, फिर फरिश्ता बनकर आया सेना का जवान
यह भी पढ़ें | CBI इंस्पेक्टर बन गया संन्यासी, बोला- 'नर्मदा किनारे गुफाओं में मिला जीवन का असली सच'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं