ऑटो ड्राइवर के साथ अक्सर किराए को लेकर बहस की बात सुनी होगी. लोग ऑटो और टैक्सी गाड़ियों में बैठते वक्त बस यही सोचते हैं कि कितनी जल्दी अपने गंतव्य तक पहुंच जाएं और उतर लें. पर इन सबके बीच एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर एक ऑटो रिक्शा का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि सही लोगों के साथ ऑटो रिक्शा भी मर्सिडीज बन जाता है. अब उस ऑटो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा रहा है, जो खासा ध्यान आकर्षित कर रहा है. ऑटो में सुरक्षा, मनोरंजन और खाने पीने का हर इंतजाम है.
ऑटो में हर तरह की सुविधा
संकेत कंकरेज (Sanket Kankarej) नाम के एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर उस ऑटो रिक्शे का वीडियो पोस्ट किया है. जिसमें संकेत ने लिखा कि सही आदमी के हाथ में ऑटो भी मर्सिडीज (Mercedes) बन जाता है. ऑटो रिक्शा में हर तरह की सुविधा है. ऑटो में गाना सुनने के लिए साउंड सिस्टम लगा हुआ है. सिक्योरिटी परपज के लिए सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था है.
फीडबैक के लिए डायरी मौजूद
यूजर ने लिखा कि 3 किमी की राइड में हर जरूरी चीज ऑटो में मौजूद है. सीसीटीवी कैमरा, परफ्यूम, चॉकलेट्स, पानी, सेनिटाइजर, बबल गन और डस्टबिन ऑटो में मिलेगा. इसके अलावा इस ऑटो रिक्शा में राधा कृष्ण का फ्रेम भी लगा हुआ है. साथ ही ऑटो में फीडबैक डायरी भी है, जिसमें सफर करने वाले लोग अपना फीडबैक लिख सकते हैं. इंस्टा यूजर ने लिखा कि शायद ऐसी और भी चीज़ें होंगी, जिन पर मैंने ध्यान ही नहीं दिया.
BMW से ज्यादा मजा ऑटो में
इंस्टाग्राम यूजर के अनुसार, ड्राइवर ने बताया कि एक बार एक शख्स अपनी BMW कार को सर्विस सेंटर पर छोड़ दिया था. जिस के बाद उसने यह ऑटो लिया और कहा कि उसे अपनी BMW से ज़्यादा मज़ा इस ऑटो में आया. संकेत कंकरेज ने ऑफिस जाते समय 3 किमी के इस सफर का अनुभव बताया. उसने कहा कि मैं ऑफ़िस जा रहा था, तनाव में था और आने वाले दिन को लेकर बिल्कुल भी उत्साहित नहीं था. इस ऑटो में 3 किलोमीटर का सफ़र करते ही मेरा मूड पूरी तरह बदल गया.
बता दें कि यह ऑटो पुणे की सड़कों पर दौड़ रहा है, जो पुणे के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इस ऑटो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने लिखा, " अमेजिंग प्रीमियम रिक्शा राइड." वहीं, एक यूजर ने लिखा कि पुणे का सबसे प्रीमियम ऑटो, सिर्फ़ फ़ीचर्स के मामले में ही नहीं, बल्कि @autodairies._ के सुनहरे दिल की वजह से भी है.
यह भी पढे़ं- इंस्टाग्राम से 1 महीने में 20 लाख कमाने वाली महिला का छलका दर्द, बोली- हर रात रोते हुए सोती हूं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं