विज्ञापन

'सिर पर कफन और जेब में इस्तीफा रखें', रिटायर्ड IPS ने पुलिस को दिया ड्यूटी करने का मूलमंत्र

पुलिस सुधारों के जनक कहे जाने वाले पद्म श्री रिटायर्ड IPS प्रकाश सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है. इसमें उन्होंने पुलिसकर्मियों को बिना डरे और बिना सिद्धांतों से समझौता किए ड्यूटी करने का बेहद अनोखा और जादुई गुरुमंत्र दिया है.

'सिर पर कफन और जेब में इस्तीफा रखें', रिटायर्ड IPS ने पुलिस को दिया ड्यूटी करने का मूलमंत्र
रिटायर्ड IPS अफसर प्रकाश सिंह का पुलिसकर्मियों के लिए वीडियो वायरल.
instagram@the.prakash.singh

VIRAL VIDEO: पुलिस की नौकरी सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि हर पल खतरे से खेलने का नाम है. इस वर्दी को पहनने के बाद जब कदम घर से बाहर निकलते हैं, तो यह नहीं पता होता कि शाम को वापसी होगी या नहीं. ऐसे मुश्किल और दबाव भरे माहौल में एक पुलिसवाले को अपनी ड्यूटी कैसे निभानी चाहिए? इसका सबसे सटीक मंत्र देश के सबसे कद्दावर रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी प्रकाश सिंह ने दिया है. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो हर वर्दीवाले के भीतर नया जोश और ईमानदारी का जज्बा भर रहा है.

यूपी और असम के डीजीपी के साथ-साथ सीमा सुरक्षा बल (BSF) के मुखिया रह चुके 1959 बैच के जांबाज अधिकारी प्रकाश सिंह को भारत में पुलिस सुधारों का जनक माना जाता है. देश सेवा के लिए साल 1991 में उन्हें 'पद्म श्री' से भी नवाजा गया था. अपने लंबे अनुभव का निचोड़ उन्होंने पुलिसकर्मियों को 'सिर पर कफन और जेब में इस्तीफा' रखने की सलाह देकर समझाया है.

मौत का डर कैसा? जब दिन तय है

वायरल वीडियो में प्रकाश सिंह कहते हैं कि पुलिस की नौकरी में आपको बार-बार ऐसी परिस्थितियों और जगहों पर जाना पड़ेगा, जहां सीधे मौत से सामना हो सकता है. वहां बिना किसी डर के, पूरी ताकत से डटकर खड़े रहिए. सीधा सा फंडा है कि मौत का दिन और वक्त पहले से तय है, इसे न तो कोई एक सेकंड बढ़ा सकता है और न ही घटा सकता है. फिर डरना कैसा? 

"सिद्धांतों से समझौता मत करना"

नौकरी में नेताओं, रसूखदारों और सिस्टम का दबाव आम बात है. कई बार आपके वसूलों और रोजाना के काम में टकराव होगा. प्रकाश सिंह का कहना है कि जितना तालमेल बिठा सकते हैं बिठाइए, लेकिन अपनी एक 'लक्ष्मण रेखा' जरूर तय करिए. इस सीमा के पार जाकर कभी गलत काम का हिस्सा मत बनिए. इसके लिए अगर कोई बड़ी कुर्बानी भी देनी पड़े, नौकरी छोड़नी पड़े, तो जेब में इस्तीफा तैयार रखिए. 

यह भी पढ़ें | योगी के साथ AI फोटो बनाकर पंचायत में दिखाई, गांव में जम गया रोला, बुजुर्ग बोले- मेरी बेटी से शादी कर लो
 

वे आगे कहते हैं कि अगर आप इस निडरता और ईमानदारी के साथ अपना फर्ज निभाएंगे, तो दुनिया की तो छोड़िए, खुद यमराज भी आपकी इज्जत करेंगे और आपके सीनियर अफसर भी आपकी कद्र करने को मजबूर हो जाएंगे.

यह भी पढ़ें | जान जोखिम में डालकर पाताल लोक पहुंचा राजस्थान का किसान, बताया- सूखे कुएं में पानी कैसे लाते हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Khabar Zara Hatke , Police Video Viral, Police Duty Experience, IPS  officer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com