भारत घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक ने ट्रेन यात्रा के दौरान हुए एक परेशान करने वाले अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया है. पुर्तगाल की ट्रैवल व्लॉगर Ines Faria ने बताया कि जोधपुर की ट्रेन यात्रा के दौरान कुछ लोग उन्हें लगातार घूर रहे थे और उनमें से एक शख्स उनके पीछे-पीछे टॉयलेट तक पहुंच गया.
ट्रेन में लगातार घूर रहे थे कुछ युवक
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में Ines Faria ने बताया कि वह अपनी एक दोस्त के साथ भारत में ट्रेन से सफर कर रही थीं. वे 3AC कोच में बैठी थीं, जिसे आम तौर पर सुरक्षित माना जाता है. उनके अनुसार, सामने बैठे कुछ युवक लगातार उन्हें घूर रहे थे. इतना ही नहीं, वे बार-बार अपनी सीट बदलकर उन्हें देखने की कोशिश कर रहे थे. इससे दोनों यात्रियों को असहज महसूस होने लगा.
टॉयलेट तक पीछा करने का आरोप
फारिया ने बताया कि जब उन्हें टॉयलेट जाना था तो उन्होंने अपने कोच के पास वाले टॉयलेट की जगह दूसरे कंपार्टमेंट का टॉयलेट इस्तेमाल करने का फैसला किया, ताकि उन लोगों के पास से होकर न गुजरना पड़े. लेकिन, उनका आरोप है कि करीब 30 सेकंड बाद उन्हीं युवकों में से एक व्यक्ति उनके पीछे-पीछे वहां पहुंच गया और टॉयलेट का दरवाजा खोलने की कोशिश की. हालांकि, उनकी दोस्त ने उस व्यक्ति को पीछे आते देख लिया और वह टॉयलेट के बाहर खड़ी हो गई, जिससे स्थिति संभल गई.
देखें Video:
रेलवे स्टाफ ने तुरंत की मदद
घटना के बाद दोनों ने ट्रेन के टिकट एग्जामिनर (TTE) को इसकी जानकारी दी. रेलवे स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों यात्रियों को सुरक्षा के लिए 2AC कोच में शिफ्ट कर दिया. फारिया ने रेलवे कर्मचारियों की मदद के लिए उनका धन्यवाद भी किया.
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने महिला के अनुभव पर दुख जताया. कुछ यूजर्स ने कहा, कि किसी भी महिला को सार्वजनिक जगह पर ऐसा अनुभव नहीं होना चाहिए. वहीं, कई भारतीय यूजर्स ने उनसे माफी भी मांगी और कहा कि कुछ लोगों की वजह से पूरे देश की छवि प्रभावित होती है.
भारत के बारे में क्या बोलीं पर्यटक
हालांकि इस घटना के बावजूद Ines Faria ने कहा कि भारत में उनके ज्यादातर यात्रा अनुभव बेहद अच्छे रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ यह याद दिलाती है कि यात्रा के दौरान हमेशा सतर्क रहना और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: लंदन की नौकरी छोड़ ऑटो से घूमे भारत के 17 राज्य, सफर ने बदल दी विदेशी कपल की जिंदगी - देखें Video
सुबह उठा तो शरीर हो चुका था नीला, ‘अवतार' जैसा दिखने लगा शख्स! अस्पताल में सामने आई चौंकाने वाली वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं