Zahoor Khan Big Statement: भारतीय टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उनकी दमदार गेंदबाजी की पूरी दुनिया सराहना करती है. युवा गेंदबाज उनसे गेंदबाजी की बारीकियां सीखना चाहते हैं. उनके स्लोअर गेंद का हर कोई कायल है. ऐसे में कोई कहे कि बुमराह ने स्लोअर बॉल फेंकने की कला उनसे सीखी है तो पचाना मुश्किल हो जाता है. मगर ये सच है. पाकिस्तानी मूल के गेंदबाज जहूर खान ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया है कि बुमराह ने स्लोअर गेंद फेंकने की कला को उनसे सीखा है.
जहूर खान का हैरान कर देने वाला बयान
पाकिस्तान में जन्में यूएई के तेज गेंदबाज जहूर खान का कहना है कि आईपीएल 2019 के लिए मुंबई इंडियंस की टीम ने उन्हें नेट बॉलर के तौर पर चुना था. उसी दौरान उन्होंने यह कला बुमराह को सिखाई थी. 36 वर्षीय गेंदबाज ने कहा, 'मैं आपको एक किस्सा सुनाता हूं. बुमराह पहले भी धीमी गेंदें फेंकते थे. मगर वह सामान्य एक्शन के साथ डालते थे. अबू धाबी में एक मैच के दौरान उन्होंने, ट्रेंट बोल्ट और नाथन कूल्टर-नाइल ने खूब रन लुटाए थे. आईपीएल उस दौरान सितंबर में खेला जा रहा था. सितंबर में यूएई में तापमान करीब 50 डिग्री के आस पास होता है. गर्मी बहुत होती है. रात में गेंद को ठीक से पकड़ना काफी मुश्किल होता जाता है, क्योंकि वह गीली हो जाती है.'
जहूर ने अपनी बात को बढ़ाते हुए कहा, 'मुंबई इंडियंस ने मुझे कैंप में बुलाया. करीब छह दिन मैनें क्वारंटाइन में बिताए. 7वें दिन अभ्यास के लिए गया. उस रात मैं टीम के साथ था. जहीर खान और रॉबिन सिंह मुझे पहले से जानते थे. क्योंकि मैंने टी10 लीग में एक ओवर मेडन डाला था. उस दौरान पहली गेंद मैंने यॉर्कर फेंकी थी और अगली पांच गेंदें धीमी डाली थी. हम साथ में बैठे हुए थे. बुमराह आए और वह भी सामने बैठ गए. रोहित शर्मा भी बैठे थे. मैं उन्हें बैठे हुए देख रहा था.'
जहूर ने कहा, 'उसी एक्शन में, उसी ग्रिप के साथ. उन्होंने पूछा यह कैसे हो सकता है? मैंने कहा मैं आपको प्रैक्टिस के दौरान बताऊंगा. उन्होंने कहा ठीक है. अगली प्रैक्टिस में मुझे बताना. मैंने कहा ठीक है. प्रैक्टिस का जब समय आया तब मैं गेंदबाजी कर रहा था. शेन बॉन्ड मुंबई इंडियंस के बॉलिंग कोच थे और महेला जयवर्धने नेट के पीछे खड़े थे. मैं आया और मैंने एक धीमी बाउंसर डाली. सामने वाला बल्लेबाज चकमा खा बैठा. बॉन्ड ने पूछा तुम्हारी ग्रिप क्या है? क्या तुम ऑफ-कटर डालते हो? मैंने कहा नहीं. मेरी ग्रिप वही है.'
जहूर ने अंत में कहा, 'करीब एक दो दिन बाद मैं बुमराह के साथ गेंदबाजी कर रहा था. उन्होंने कहा मुझे अपना ग्रिप दिखाइए. जिसके बाद मैंने उनको दो-तीन धीमी गेंदें फेंककर दिखाई. उसी ग्रिप के साथ. फिर उन्होंने जयवर्धने से कहा कि देखो क्रिकेट में यह एक नई बात है. उन्होंने कहा वह कितनी अच्छी तरह से धीमी गेंदें डालता है वो भी एक ही एक्शन और आर्म स्पीड के साथ.'
जहूर ने कहा, 'फिर उन्होंने गेंदबाजी की और कहा यह तो नेक्स्ट लेवल का है. मेरा मतलब है, आप अभी यूएई के लिए खेल रहे हैं, मगर वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं. मुझे यह बात बहुत अच्छी लगी कि वह इतने बड़े स्टार हैं और मुझसे पूछ रहे थे.' हालांकि, जहूर के इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है.
यह भी पढ़ें- 'मैदान में नीले रंग का समंदर दिखाई दे रहा था', हार कर भी क्यों खुश हैं मिचेल सेंटनर? दिल जीत लेगा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं