विज्ञापन

सूअर की किडनी ने 271 दिन तक बचाई जान, फिर मिली इंसानी किडनी : बन गया नया रिकॉर्ड

अमेरिका में एक मरीज के शरीर में ट्रांसप्लांट की गई जेनेटिकली मॉडिफाइड सूअर की किडनी 271 दिनों तक काम करती रही. बाद में मरीज को इंसानी डोनर किडनी मिल गई. हार्वर्ड मेडिकल स्कूल और The Lancet में प्रकाशित अध्ययन को ट्रांसप्लांट मेडिसिन में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

सूअर की किडनी ने 271 दिन तक बचाई जान, फिर मिली इंसानी किडनी : बन गया नया रिकॉर्ड
Pig Kidney Transplant: 2025 में सूअर की किडनी ट्रांसप्लांट के बाद मरीज टिम एंड्रयूज़ के साथ सर्जन डॉ. लियोनार्डो रिएला और डॉ. तात्सुओ कावाई
हावर्ड मेडिकल स्कूल

कल्पना कीजिए कि किसी मरीज को इंसानी किडनी नहीं मिल रही हो और उसकी जिंदगी डायलिसिस मशीन के सहारे चल रही हो. ऐसे में डॉक्टर उसे सूअर की किडनी ट्रांसप्लांट कर दें और वह किडनी 271 दिन तक काम भी करे तो आपका चौंकना स्वाभाविक है...लेकिन अमेरिका में ऐसा ही हुआ है. हार्वर्ड मेडिकल स्कूल और मैसाचुसेट्स जनरल हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टरों ने बताया है कि एक मरीज 271 दिनों तक जेनेटिकली मॉडिफाइड सूअर की किडनी के सहारे बिना डायलिसिस के जीवित रहा. बाद में उसे इंसानी डोनर किडनी भी मिल गई और उसकी जिंदगी बच गई.

जनवरी 2025 में ट्रांसप्लांट हुई थी किडनी

The Lancet की रिपोर्ट के मुताबिक टिम एंड्रयूज़ नाम के मरीज को एंड-स्टेज किडनी फेल्योर था. जनवरी 2025 में उन्हें सूअर की जेनेटिकली एडिटेड किडनी ट्रांसप्लांट की गई. इसके बाद वह 271 दिनों तक बिना डायलिसिस के जीवन जी सके. बाद में किडनी ने काम करना बंद कर दिया, लेकिन तब तक उन्हें एक मानव डोनर किडनी मिल गई और उसका सफल ट्रांसप्लांट कर दिया गया.हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुनिया का पहला ऐसा मामला है जिसमें किसी मरीज ने सूअर की किडनी के सहारे इतने लंबे समय तक जीवन बिताने के बाद सफलतापूर्वक इंसानी किडनी ट्रांसप्लांट हासिल किया. इस दौरान वह डायलिसिस से दूर रहे, जिसे डॉक्टर इस प्रयोग की सबसे बड़ी सफलता मान रहे हैं. 

डायलिसिस से मिली बड़ी राहत

हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की रिपोर्ट के अनुसार टिम एंड्रयूज़ को 271 दिनों तक डायलिसिस की जरूरत नहीं पड़ी. जिस किडनी को अस्थायी समाधान के तौर पर लगाया गया था, उसने लगभग नौ महीने तक मरीज की जिंदगी को सामान्य बनाए रखा. अध्ययन में शामिल डॉ. लियोनार्डो रिएला का कहना है कि दुनिया भर में डोनर अंगों की कमी ट्रांसप्लांट मेडिसिन की सबसे बड़ी चुनौती है. उनका मानना है कि भविष्य में ज़ेनोट्रांसप्लांटेशन यानी जानवरों के अंगों का इस्तेमाल उन मरीजों के लिए "ब्रिज" बन सकता है जो इंसानी डोनर का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: झील में दिखा,फिर गायब हो गया...अब 30 KM दूर मिला रहस्यमयी टापू, वैज्ञानिक भी हैरान

आखिर किडनी ने काम करना क्यों बंद किया?

डॉक्टरों के मुताबिक ट्रांसप्लांट के बाद सूअर की किडनी तुरंत काम करने लगी थी और कई महीनों तक उसने सामान्य रूप से काम भी किया. लेकिन करीब छह महीने बाद किडनी की रक्त वाहिकाओं (ब्लड वेसल्स) में नुकसान के संकेत मिलने लगे. समय के साथ यह समस्या बढ़ती गई, जिससे किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित हुई और आखिरकार वह पूरी तरह फेल हो गई. इसके बाद डॉक्टरों को वह किडनी निकालनी पड़ी. बहरहाल अमेरिका में हुए इस प्रयोग ने ट्रांसप्लांट मेडिसिन के क्षेत्र में नई उम्मीद जगाई है. फिलहाल यह इलाज स्थायी विकल्प नहीं बना है, लेकिन अंगों की कमी की समस्या से निपटने की दिशा में इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: क्या एक दिन समुद्र के नीचे होगी मुंबई ? UN रिपोर्ट में बड़ा अलर्ट, 1.4 करोड़ लोगों के घरों पर खतरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pig Kidney Transplant, Pig Kidney Transplant In Human, Harvard Medical School, The Lancet Study
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com