मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता है, लेकिन यहां आने वालों को सबसे पहले किराए की सच्चाई से सामना करना पड़ता है. इसी हकीकत को इंस्टाग्राम यूजर जग्रत थिरवानी ने अपने मजेदार वीडियो में दिखाया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में उन्होंने मुंबई के महंगे किराए और बढ़ते खर्चों को हल्के-फुल्के, लेकिन सटीक अंदाज में पेश किया है, जिसने हजारों युवाओं और स्टूडेंट्स को अपनी ओर खींच लिया है.
वायरल वीडियो में जग्रत थिरवानी एक ऐसे फ्लैट में खड़े नजर आते हैं, जिसमें बालकनी तक नहीं है. वह इस फ्लैट को दिखाते हुए मजाकिया अंदाज में उन लोगों के लिए संदेश देते हैं, जो मुंबई आने का सपना देखते हैं. वह कहते हैं कि वह अपने सपने पूरे करने शहर आए थे, लेकिन यहां आकर उन्हें समझ आया कि सबसे बड़ी चिंता तो महंगे किराए की है. वह कहते हैं कि सपनों के पीछे भागने के बजाय, कई नए लोग मुंबई में हर महीने का किराया कैसे भरें, इसी चिंता में लगे रहते हैं.
इस वीडियो के लास्ट में जग्रत थिरवानी मजाकिया अंदाज और ओवरएक्टिंग के साथ लोगों को सलाह देते हैं कि ऐसे सपने देखे जिन्हें पूरा करने के लिए मुंबई शिफ्ट न होना पड़े, क्योंकि इससे जिंदगी काफी आसान हो सकती है. हालांकि, वीडियो मजेदार है, लेकिन लोगों ने इसमें एक बड़ी सच्चाई भी देखी. मुंबई देश के सबसे महंगे शहरों में गिना जाता है, जहां लोग अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा किराए, सिक्योरिटी डिपॉजिट और ब्रोकर फीस में खर्च करते हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर एक यूजर ने लिखा, “मुंबई पहले आपके टैलेंट को नहीं, बल्कि आपके बैंक बैलेंस को टेस्ट करती है”. दूसरे ने कहा, “यहां का किराया सबसे बड़े सपनों को भी कमजोर कर देता है”. एक और यूजर ने लिखा, “वीडियो भले मजेदार हो, लेकिन छोटे कमरे में रहकर आधी सैलरी किराए में देने वालों के लिए यह कड़वी सच्चाई है”.
यह भी पढ़ें:- हमारी नदियां रो रही हैं... 6 म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बजाकर लोगों को जगा रहा है यह शख्स, वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं