मुंबई के मीरा रोड इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD) से पीड़ित 10 साल के एक बच्चा गलती से कई मैग्नेट निगल लिया. ऐसा करने की वजह से बच्चे के साथ जानलेवा मेडिकल इमरजेंसी जैसी स्थिति पैदा हो गई. मीरा रोड स्थित वॉकहार्ट हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने इमरजेंसी सर्जरी करके उन मैग्नेट को सफलतापूर्वक बाहर निकाला. खिलौने के कई चुंबकीय टुकड़े निगलने की वजह से बच्चा बेहद गंभीर हालत में पहुंच गया था. डॉक्टरों के इलाज से बच्चे की जान बचाने में सफलता मिली है और आंत में छेद होने और गंभीर संक्रमण का खतरा टल गया है.
कैसे पता चला?
बच्चे को पेट दर्द और बार-बार उल्टी होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुरुआत में इसे सामान्य पेट दर्द माना जा रहा था, लेकिन जांच के बाद पता चला कि बच्चे ने खेलते वक्त कई छोटे चुंबकीय धातु के टुकड़े निगल लिए थे.
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बादशाह खान ने जांच के बाद आंत में रुकावट की आशंका जताते हुए तुरंत एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी. जांच में छोटी आंत के अंदर कई चुंबकीय टुकड़े फंसे होने की बात साफ हो गई.
ये भी पढ़ें: 26 साल के लड़के ने इस वजह से निगल लिए 39 सिक्के और 37 चुंबक, डॉक्टरों ने ऐसे बचाई जान
इमरजेंसी सर्जरी की गई...
डॉ. भावेश दोशी और डॉ. प्रदीप शेनॉय ने इमरजेंसी सर्जरी करके छोटी आंत में फंसे सभी चुंबकीय टुकड़ों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वक्त पर इलाज मिलने की वजह से आंत को होने वाले स्थायी नुकसान से बचा लिया गया और बच्चे की हालत स्थिर हो गई. इलाज के एक हफ्ते बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि चुंबक वाले खिलौने, मैग्नेटिक बीड्स, बटन बैटरी, सिक्के और अन्य छोटी धातु की वस्तुएं बच्चों की पहुंच से दूर रखें. अगर ऐसी चीजें निगलने का शक हो, तो बिना वक्त बर्बाद किए तुरंत अस्पताल जाना चाहिए.
(इनपुट- इरफान सैयद)
ये भी पढ़ें: दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने चुंबक से 7 साल के बच्चे के फेफड़े से सुई निकाली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं