इंडिया में अक्सर लोग ट्रैफिक नियम तोड़ते, लाइन में आगे घुसते या सार्वजनिक जगहों पर नियमों की अनदेखी करते नजर आ जाएंगे. नियमों की अनदेखी को लेकर दिल्ली की रहने वाली मिताली शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल, विदेश से 20 दिन बिताकर लौटने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर इंडिया में सिविक सेंस की कमी पर अपनी राय शेयर की, जिस पर अब इंटरनेट पर बड़ी बहस छिड़ गई है.
नियम मानने वालों को होता है नुकसान?
मिताली शर्मा का कहना है कि समस्या एजुकेशन, पैसे और जागरूकता की कमी नहीं है. उनके मुताबिक लोगों के मन में बचपन से ही यह धारणा बैठ जाती है कि अगर वे नियमों का पालन करेंगे तो पीछे रह जाएंगे, जबकि नियम तोड़ने वाले लोग जल्दी फायदा उठा लेंगे.
रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े उदाहरण
उन्होंने वीडियो में बताया कि चाहे मंदिर की लाइन हो, ट्रैफिक जाम हो या जॉब और बिजनेस की कंपटीशन, लोगों को अक्सर लगता है कि ईमानदारी और डिसिप्लिन से काम करने पर दूसरे लोग उन्हें पीछे छोड़ देंगे. यही सोच धीरे-धीरे लोगों को नियम तोड़ने की ओर आगे बढ़ाती है.
अमीर-गरीब सभी में दिखती है यह सोच
मिताली का कहना है कि यह समस्या किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि महंगी लग्जरी कार चलाने वाले लोग भी कई बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते नजर आते हैं. इससे साफ है कि यह केवल आर्थिक स्थिति या शिक्षा का मामला नहीं है.
विदेश जाते ही क्यों बदल जाता है व्यवहार?
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि यही लोग विदेश पहुंचते ही नियमों का पूरी तरह पालन करने लगते हैं. इसकी वजह वहां की व्यवस्था है, जहां नियम तोड़ने पर कार्रवाई होती है और हर व्यक्ति को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है. ऐसे माहौल में लोगों को भरोसा होता है कि सिस्टम सभी के साथ समान व्यवहार करेगा.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
मिताली शर्मा के कमेंट के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी चर्चा शुरू हो गई है. कई लोगों ने उनकी बात से सहमति जताई है, जबकि कुछ का मानना है कि सिविक सेंस की कमी के पीछे पर्सनल रिस्पांसिबिलिटी व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में 1 छोटे बच्चे ने जवान को सैल्यूट किया और पैर छुए, CISF ने शेयर किया दिल को छू लेने वाला वीडियो
यह भी पढ़ें: 2253 नामों वाला शख्स! दुनिया के सबसे लंबे नाम का बना रिकॉर्ड, नाम पढ़ने में लगते हैं 20 मिनट से ज्यादा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं