विज्ञापन

बचपन के प्यार के लिए ससुराल से भागी पत्नी, PRD जवान पति ने जो किया उसने सबका दिल जीत लिया

PRD जवान ने मिसाल पेश करते हुए अपनी पत्नी को उसके बचपन के प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दी. हरदोई से बरामद पत्नी के फैसले का सम्मान करते हुए मंदिर में विवाह कराया गया.

प्रेमी संग भागी पत्नी तो पति ने उसी से करा दी शादी
NDTV

उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक कहानी सामने आई है, जो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं है. शादी के महज एक साल बाद एक महिला अपने स्कूल के पुराने आशिक के साथ फरार हो गई. चार दिन बाद जब पुलिस और पति ने उसे हरदोई से बरामद किया, तो थाने की पंचायत में पत्नी ने कहा कि जिऊंगी तो सिर्फ प्रेमी के साथ. इसी के बाद PRD जवान पति ने जो फैसला लिया. उसने हर किसी का कलेजा छू लिया है. अब इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. 

एक साल पहले हुई थी शादी

दरअसल, मलिहाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले PRD जवान की शादी करीब एक साल पहले हुई थी. शादी के बाद शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा. लेकिन महिला का अपने पुराने प्रेमी से संपर्क बना रहा. दोनों एक ही स्कूल में पढ़े थे और पढ़ाई के दौरान ही उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई थी. परिवार के दबाव में महिला की शादी PRD जवान से हो गई, लेकिन वह अपने पुराने प्यार को भुला नहीं सकी.

चार दिन पहले महिला बिना बताए ससुराल से चली गई. काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिवार ने मलिहाबाद कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.

थाने में चली पंचायत

पुलिस ने जांच शुरू की और सर्विलांस के जरिए महिला की लोकेशन हरदोई में मिली. मलिहाबाद पुलिस हरदोई पहुंची और महिला को उसके प्रेमी के साथ सकुशल बरामद कर लिया. दोनों को थाने लाया गया, जहां परिवार की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत और पंचायत चली. पुलिस और परिवार के लोगों ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने पति के साथ वापस जाने से साफ इनकार कर दिया.

थाने में ही प्रेमी के साथ महिला ने लिए फेरे

महिला अपने प्रेमी के साथ रहने के फैसले पर अड़ी रही. स्थिति को देखते हुए PRD जवान ने भी जबरन पत्नी को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया. उसने पत्नी की इच्छा और उसकी खुशी को प्राथमिकता दी. इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से अलग होने का फैसला हुआ.

जरूरी औपचारिकताओं के बाद स्थानीय मंदिर में महिला और उसके प्रेमी का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया. दोनों ने सात फेरे लिए और इसके बाद PRD जवान ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया.

महिला और उसका प्रेमी दोनों माल थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. दोनों के पुराने प्रेम और फिर शादी के बाद दोबारा साथ आने की यह कहानी अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. वहीं, PRD जवान के अपनी पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए उठाए गए कदम की भी लोग चर्चा कर रहे हैं.

यह भी पढे़ं- रायबरेली के इस कपल ने बंदर के नाम क्यों कर दी करोड़ों की जायदाद? रुला देगी ये कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral News, Viral Video, Lucknow News, Malihabad News, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com