Viral Video: एक IT प्रोफेशनल लड़की दीप शिखा ने छोटी सी उम्र से कमाना शुरू कर किया. वह 15 साल की उम्र से ही ट्यूशन पढ़ाकर अपने परिवार चलाती थी. पढ़ाई पूरी करने के बाद लड़की IT सेक्टर में आ गई और उसकी आर्थिक स्थिति में भी बदलाव आया. उसने कहा कि शुरुआत में उसकी ज्यादातर कमाई घर चलाने में ही खर्च हो जाती थी, लेकिन नौकरी मिलने के बाद वह हर महीने कुछ न कुछ सेविंग के तौर पर रखने लगी. अब 3BHK फ्लैट खरीद लिया है.
पुणे में रहती है शिखा
दीप शिखा शर्मा (@shikha.sharma.35175) ने इंस्टाग्राम पर अपने पूरे सफर के बारे में बताया है. जयपुर का उसका होमटाउन है, जबकि वह पुणे में रहती है. उसने वीडियो में कहा कि जब से 3 BHK फ्लैट खरीदा है, तब से उसके DMs और कमेंट्स में बस यही एक सवाल भरा पड़ा है. आपने कैसे फ्लैट लिया. वह कहती है कि यह घर सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार के लिए भी है.
15 साल की उम्र में आ गई थी जिम्मेदारी
शिखा ने बताया कि 15 साल की उम्र से ही मुझ पर परिवार की जिम्मेदारियां आ गई थीं. मैंने बहुत कम उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था. बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना, कॉल सेंटर में पार्ट-टाइम काम करना, यह सब सिर्फ पॉकेट मनी के लिए नहीं था, बल्कि परिवार का पेट पालने के लिए था. इसलिए ज्यादातर कमाई घर चलाने में ही खर्च हो जाती थी.
IT सेक्टर में आने पर सुधरी आर्थिक स्थिति
बाद में IT सेक्टर में नौकरी शुरू करने के बाद शिखा की फाइनेंशियल जर्नी पूरी तरह बदल गई. उसने कहा कि उस समय पैसे बचाना वाकई काफी मुश्किल था, लेकिन नौकरी के दौरान हमने एक बहुत अच्छा फैसला लिया, जिसकी वजह से आज यह घर खरीद पाई. जैसे ही हर महीने सैलरी मिलनी शुरू हो गई तो अपनी आर्थिक स्थिति के हिसाब से 2,000 से 5,000 रुपये हर महीने बचाना शुरू कर दिया.
वीडियो में देखें, शिखा ने क्या-क्या कहा?
अन्य लोगों को शिखा ने दी सलाह
समय के साथ उसने अपनी बचत बढ़ाई और एक ज़मीन के टुकड़े में निवेश किया, जिसे उन्होंने सही कीमत पर खरीदा था. यह निवेश तब काम आया, जब उन्होंने इस साल उस ज़मीन को अच्छे मुनाफे पर बेच दिया. शिखा शर्मा ने वीडियो में कहा कि हर महीने बचाए पैसे से कुछ सालों बाद एक अच्छी जमीन खरीदी. अब जब उसकी अच्छी कीमत मिली तो उसे बेच दिया. उसी पैसे से शिखा ने इस फ्लैट का डाउन पेमेंट किया और बाकी रकम के लिए होम लोन ले लिया.
शिखा ने नौकरी कर रहे लोगों को सलाह दी है कि अगर आप भी कभी अपना खुद का घर खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो अभी से अपने फाइनेंस की प्लानिंग शुरू कर दें. एक 'इमरजेंसी फंड' बनाएं, लगातार निवेश करें, भले ही आप अपनी सैलरी के एक छोटे से हिस्से से ही शुरुआत क्यों न करें. अगर आप पर परिवार की जिम्मेदारियां हैं, तो अपनी फाइनेंशियल जर्नी की तुलना किसी और से न करें. जो भी आपके लिए मुमकिन हो, वहीं से शुरुआत करें.
यह भी पढ़ें | बेलारूस की लड़की भारतीय युवक को ले गई अपने गांव, बोली- हमें पुलिस स्टेशन जाना पड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं