विज्ञापन

लॉस एंजिल्स से भारत आकर Infosys की कमान संभालेगा ये शख्स, जानिए कौन हैं आशीष कुमार दाश

आज के दौर में जहां लोग हर दो साल में नौकरी बदल लेते हैं, वहीं 31 साल एक ही कंपनी को देने वाले आशीष कुमार दाश को इन्फोसिस ने अपना अगला CEO चुन लिया है.

लॉस एंजिल्स से भारत आकर Infosys की कमान संभालेगा ये शख्स, जानिए कौन हैं आशीष कुमार दाश
31 साल एक कंपनी में गुजारने वाले इस शख्स को Infosys ने चुन लिया अपना फ्यूचर बॉस.
Infosys

Who is the New CEO of Infosys: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस (Infosys) में लीडरशिप का एक नया चैप्टर शुरू होने जा रहा है. कंपनी ने अपने दिग्गज अधिकारी आशीष कुमार दाश (Ashiss Kumar Dash) को अपना अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. आशीष 1 अप्रैल 2027 को मौजूदा सीईओ सलिल पारेख (Salil Parekh) की जगह लेंगे. पारेख का 9 साल का सफल कार्यकाल उस वक्त पूरा हो रहा है.

कौन हैं आशीष कुमार दाश?

आशीष कुमार दाश इन्फोसिस के लिए कोई नया नाम नहीं हैं. उन्होंने इस कंपनी में तीन दशक (30 साल) से ज्यादा का वक्त बिताया है. आशीष की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT खड़गपुर से ग्रेजुएशन किया है. इसके अलावा उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम और लंदन बिजनेस स्कूल से सीनियर एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम भी पूरा किया है.

अभी क्या कर रहे हैं आशीष?

आशीष फिलहाल अमेरिका के लॉस एंजिल्स में तैनात हैं. लेकिन सीईओ की कुर्सी संभालने से पहले वो वापस भारत लौट आएंगे. फिलहाल वे कंपनी में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (EVP) और ग्लोबल हेड (सर्विसेज, यूटिलिटीज, रिसोर्सेज, एनर्जी और एंटरप्राइज सस्टेनेबिलिटी) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वे फॉर्च्यून 500 और ग्लोबल 2000 कंपनियों को नई डिजिटल तकनीक और AI अपनाने में मदद करते हैं.

कब से कब तक संभालेंगे कमान?

इन्फोसिस के बोर्ड की नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश के बाद आशीष को सीईओ डेजिग्नेट (CEO Designate) नियुक्त किया गया है. शेयरधारकों की मंजूरी के बाद 1 अप्रैल 2027 से उनका 5 साल का कार्यकाल शुरू होगा, जो 31 मार्च 2032 तक चलेगा.

आशीष दाश के सामने होंगी ये बड़ी चुनौतियां

आशीष ऐसे समय में कमान संभालने जा रहे हैं, जब ग्लोबल टेक इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है. उनके सामने कई बड़े चैलेंज होंगे:-

  1. अब क्लाइंट्स सिर्फ आउटसोर्सिंग नहीं, बल्कि अपने बिजनेस में ठोस नतीजे चाहते हैं. इन्फोसिस को AI की रेस में सबसे आगे रखना आशीष का पहला टास्क होगा. कंपनी की पहली तिमाही की कमाई में 8.2% हिस्सा AI सर्विसेज से ही आया है. उन्हें नए AI टैलेंट को तराशने और उभरती तकनीकों में निवेश बढ़ाने पर फोकस करना होगा.
  2. रिटेल और कम्युनिकेशंस जैसे सेक्टर्स अभी धीमे चल रहे हैं. वहां ग्रोथ वापस लाना और दुनियाभर की कंपनियों के घटते टेक-बजट के बीच इन्फोसिस का प्रॉफिट मार्जिन बनाए रखना उनकी लीडरशिप का असल इम्तिहान होगा.
  3. दुनिया भर में छाई आर्थिक अनिश्चितता, अमेरिका की सख्त वीजा पॉलिसी और देशों के बीच जियो-पॉलिटिकल टेंशन भी आईटी सेक्टर के लिए बड़ा सिरदर्द बने हुए हैं, जिनसे आशीष को निपटना होगा.

कैसी है इन्फोसिस की आर्थिक सेहत?

हाल ही में इन्फोसिस ने जून तिमाही के नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का नेट प्रॉफिट 12.2% बढ़कर 7769 करोड़ रुपये हो गया है. हालांकि, ग्लोबल मार्केट की अनिश्चितता को देखते हुए कंपनी ने पूरे साल की रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान थोड़ा घटाकर 1.5% से 3% के बीच कर दिया है.

ये भी पढ़ें:- एक किलर व्हेल ने पूंछ पकड़ी, दूसरी ने 'टॉरपीडो' बनकर मारी टक्कर; पानी में ब्लास्ट हो गई 1800 किलो की सनफिश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Infosys New CEO, Ashiss Kumar Dash, Salil Parekh, IIT Kharagpur, Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com