विज्ञापन
This Article is From Nov 29, 2025

भारत की सबसे महंगी नंबर प्लेट! 1.17 करोड़ रु है कीमत, किसने खरीदा, क्यों है ये इतना खास और कैसे खरीद सकते हैं?

हरियाणा की वीआईपी नंबर नीलामी में HR88B8888 ने नया रिकॉर्ड बनाया और 1.17 करोड़ रुपये में बिका. ‘8’ की पूरी सीक्वेंस और आकर्षक डिज़ाइन के कारण बोली आसमान छू गई. सोशल मीडिया पर भी इस रिकॉर्ड कीमत को लेकर चर्चा तेज है.

भारत की सबसे महंगी नंबर प्लेट! 1.17 करोड़ रु है कीमत, किसने खरीदा, क्यों है ये इतना खास और कैसे खरीद सकते हैं?
भारत की सबसे महंगी नंबर प्लेट!

India most expensive number plate: हरियाणा ने एक बार फिर VIP नंबर प्लेट की नीलामी में नया इतिहास रच दिया है. कुंडली आरटीओ (सोनीपत) की नीलामी में HR88B8888 नंबर प्लेट की बोली 1.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. यह अब तक की किसी भी कार नंबर प्लेट के लिए भारत में दी गई सबसे बड़ी रकम है. वैसे तो अबतक अधिकारियों ने बोली लगाने वाले की पहचान उजागर नहीं कि है और न ही ये बताया है कि यह नंबर प्लेट किस गाड़ी के लिए लिया गया है. लेकिन, बताया जा रहा है कि इसे हिसार के 30 साल के बिजनेसमैन सुधीर कुमार ने खरीदा है.

केवल 50,000 रुपये का बेस प्राइस

यह नीलामी राज्य के आधिकारिक ऑनलाइन वीआईपी नंबर प्लेट पोर्टल पर आयोजित की गई थी. बुधवार शाम 5 बजे नीलामी बंद हुई. सुबह से ही इस नंबर को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. दोपहर तक बोली 88 लाख रुपये पार कर चुकी थी और अंततः करोड़-प्लस आंकड़ा छू गई. जबकि, बेस प्राइस केवल 50,000 रुपये था, लेकिन आक्रामक बोली ने इस कीमत को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया.

HR 88 B 8888 में क्या है खास?

किसी गाड़ी का नंबर प्लेट 4 हिस्सों में बंटा होता है. पहले स्टेट कोड, फिर आरटीओ कोड, इसके बाद गाड़ी की सीरीज और फिर अंत में 4 अंकों का यूनिक नंबर. HR 88 B 8888 के मामले में HR हरियाणा का स्टेट कोड है. 88 सोनीपत जिले में पड़ने वाले कुंडली आरटीओ का कोड है. B गाड़ी की सीरीज है और 8888 यूनिक नंबर है.

वहीं, अधिकारियों के अनुसार इस नंबर प्लेट की मांग इसलिए इतनी बढ़ गई क्योंकि इसमें पूरा अनुक्रम 8-8-8-8 था. इसके साथ ही अंग्रेज़ी अक्षर ‘B', देखने में ‘8' जैसा ही दिखता है, जिससे यह नंबर और भी आकर्षक बन गया. अंक ज्योतिष (न्यूमरोलॉजी) में ‘8' को बेहद खास माना जाता है और लग्जरी गाड़ियां रखने वाले लोग इसके लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार रहते हैं.

हर हफ्ते होती है नीलामी

हरियाणा में वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी हर हफ्ते आयोजित की जाती है. शुक्रवार को रजिस्ट्रेशन शुरू होता है और बोली मिड-वीक तक चलती है. नीलामी जीतने वाले को 5 दिन के भीतर पूरा भुगतान कर नंबर सुरक्षित करना होता है. भुगतान पूरा होने के बाद HR88B8888 नंबर कुंडली में रजिस्टर्ड किसी वाहन को अलॉट कर दिया जाएगा.

कैसे खरीदे जाते हैं फैंसी नंबर प्लेट?

फैंसी नंबर प्लेट के लिए पहले परिवहन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्टर करना होता है. इसके बाद जरूरी डिटेल भरने होते हैं. आमतौर पर नीलामी कम रकम से भी शुरु हो जाती है, लेकिन क्योंकि अधिकारियों को भी पता है कि HR 88 B 8888 एक खास नंबर है, इसलिए इसकी नीलामी का बेस प्राइज 50 हज़ार रुपये रखा गया.

बोली लगाने के लिए 1000 रुपये का रजिस्ट्रेशन फीस जमा करना होता है, जो नॉन रिफंडेबल होता है. इसके अलावा 10 हजार रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट के तौर पर जमा करने होते हैं. बोलियां सिर्फ 1000 रुपये के मल्टीपल में लगाई जा सकती हैं. नीलामी पूरी होने के बाद सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले को पूरी पेमेंट करने के लिए 5 दिन दिए जाते हैं.

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

इतनी बड़ी रकम में नंबर प्लेट बिकने पर इंटरनेट पर खूब प्रतिक्रियाएं आईं हैं. एक यूज़र ने मज़ाक में लिखा- “नंबर प्लेट पर इतना खर्च, जितना स्पीडिंग टिकट और चालान में भी नहीं जाएगा!” दूसरे ने लिखा- “लोगों के पास सच में बहुत पैसा है… और खर्च करने की जगह नहीं.” एक और कमेंट में लिखा था - “दुबई में कार बेचने के बाद भी नंबर प्लेट अपने पास रख सकते हैं, लेकिन भारत में ऐसा नहीं.”

यह भी पढ़ें: बस की विंडो सीट पर बैठी पत्नी को लग रही थी तेज़ धूप, बचाने के लिए पति ने जो किया, देखकर दिल हार बैठे लोग

शादी में रॉयल लुक में टिप-टॉप बनकर पहुंचा शख्स, वहां पहुंचते ही जो देखा, लगा ज़ोर का झटका, नहीं रुकेगी हंसी

लेह जाना सस्ता, गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा जाना महंगा! टैक्सी की कीमतों ने सबको कर दिया हैरान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Expensive Number Plate, HR88B8888 Auction, VIP Number Plate
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com