विज्ञापन

'दोबारा छुआ तो पुलिस बुला लूंगी', यूरोप में बुजुर्ग ने की गलत हरकत; भारतीय महिला ने ऑन कैमरा सिखाया सबक

एक बेकरी में बैठी भारतीय युवती के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है. युवती ने वीडियो साझा कर यूरोप में अकेले घूमने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी.

'दोबारा छुआ तो पुलिस बुला लूंगी', यूरोप में बुजुर्ग ने की गलत हरकत; भारतीय महिला ने ऑन कैमरा सिखाया सबक
यूरोप घूमने गई भारतीय युवती से बदसलूकी
Instagram/SakshiSharma

यूरोप में अकेले घूम रही एक भारतीय युवती ने अपने साथ हुई बदसलूकी की आपबीती साझा की है. युवती क्रोएशिया की राजधानी ज़ाग्रेब में एक बेकरी में बैठी थी, तभी पीछे बैठे एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उसे पहले फ्लाइंग किस के इशारे किए और फिर दो बार गलत तरीके से छूने की कोशिश की. उसने बताया कि जब भी यहां पर आइए तो सावधान रहिए. युवती ने कहा कि यहां पर स्थानीय लोग भी आपको बचाने नहीं आएंगे. इसलिए वहां अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी. 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो

साक्षी शर्मा (Sakshi Sharma) ने इंस्टाग्राम पर घटना का वीडियो शेयर किया है. जिसमें वह कहती हुई दिखाई दे रही है कि अगर तुमने मुझे एक बार और छुआ, तो मैं पुलिस बुला लूंगी, समझे? फिर उसने ज़ाग्रेब में घूमने के लिए जाने वालों को सतर्क करते हुए कहा कि दोस्तों, अगर आप ज़ाग्रेब आ रहे हो, तो रात में सावधान रहना, क्योंकि यहां बहुत सारे बेघर लोग हैं और शायद अपराधी भी.... अभी-अभी मेरे साथ कुछ हुआ है. 

उसने अपने साथ ही हुई आपबीती साझा किया, "मैं एक बेकरी में बैठी हुई थी और मुझे थोड़ी नींद आ रही थी, तो मैं बस ऐसे ही सिर झुकाकर बैठी थी. तभी अचानक, मेरे पीछे एक आदमी बैठा हुआ था. पहले तो वह अजीब-अजीब इशारे कर रहा था, जैसे फ़्लाइंग किस दे रहा हो. मैंने उसे नज़रअंदाज़ किया, क्योंकि मैंने सोचा कि बूढ़ा आदमी है, छोड़ो क्या ही बोलूं. उसके बाद उसने मुझे छुआ."

साक्षी के अनुसार, जब उसने पहली बार मुझे छुआ, तो मैंने ध्यान नहीं दिया. मैंने सोचा छोड़ो, जाने दो, कोई बात नहीं. मैंने बस उससे कहा कि 'तमीज़ से रहो' और उसके बाद कुछ नहीं बोली. दूसरी बार उसने मुझे गलत तरीके से छुआ, तब मैंने उससे कहा कि अगर तुमने मुझे एक बार और हाथ लगाया तो मैं सीधे पुलिस को फोन कर दूंगी.

युवती बोली- यहां आओ तो सावधान रहो

भारतीय युवती ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा कि जैसे ही मैंने उसका वीडियो बनाना शुरू किया, वह वहाँ से तुरंत भाग निकला. मतलब अगर आप इन लोगों का वीडियो बनाओ तो ये बहुत बुरी तरह डर जाते हैं. सच में, मैं क्या कहूं, कोई सुरक्षा नहीं है यहाँ. ये लोग कहीं भी चले आते हैं. यहां इतने बेघर लोग हैं कि मैं बता भी नहीं सकती. इसलिए दोस्तों, सावधान रहो.

यूरोप में अगर आप अकेले हो, तो कोई आपकी मदद नहीं करेगा, मैं सच कह रही हूं. यूरोप में आपको अपनी मदद खुद ही करनी होगी. जब तक कि आप यूरोप के किसी बहुत अच्छे देश में न हों, यहां के स्थानीय लोग तो बिल्कुल आगे नहीं आएंगे. लोग अच्छे और प्यारे ज़रूर हैं, लेकिन मदद के लिए आगे नहीं आते क्योंकि वे खुद डरे रहते हैं कि पता नहीं कौन कब चाकू निकाल कर घोंप दे. कोई भी आकर आपके साथ छेड़छाड़ कर सकता है, चोरी हो सकती है, लेकिन वे मदद के नाम पर सिर्फ यह कहकर सांत्वना दे देंगे कि 'आपके साथ बहुत बुरा हुआ.' इसलिए, अगर यूरोप आ रहे हो तो बिल्कुल सतर्क और सावधान रहो. बस यही बात है.

(Disclaimer: यह कहानी इंस्टाग्राम पर वायरल हुई एक पोस्ट और उसके बाद मिली सार्वजनिक प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. एनडीटीवी ने पोस्ट में उल्लिखित व्यक्तियों द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.)

यह भी पढे़ं- 'माफ कर दो, अब बेटी नहीं रहेगी' कोटा की दिव्यांशी एशियन गेम्स टीम से हुईं बाहर तो रोते हुए बताया दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Viral News, Indian Tourist, Europe Tour, Solo Female Travel
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com