करियर बनाने की चाहत इंसान को सात समंदर पार भी खींच लाती है. कुछ ऐसा ही हुआ पेरिस के रहने वाले 23 साल के निको के साथ. निको फ्रांस की राजधानी पेरिस में अपनी शानदार जिंदगी छोड़ भारत की मायानगरी मुंबई आ गए. वजह थी फाइनेंस की एक बेहतरीन नौकरी. मुंबई आए अभी निको को सिर्फ तीन हफ्ते ही हुए हैं, लेकिन इस शहर ने उन्हें लाइफ के वो सबक सिखा दिए हैं जो किसी किताब में नहीं लिखे थे. निको ने सोशल मीडिया पर 'तीन चीजें जो पेरिस से मुंबई आने से पहले मुझे किसी ने नहीं बताईं' शीर्षक से एक पोस्ट लिखी है, जो अब इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है. आइए जानते हैं मुंबई को लेकर निको का क्या कहना है.
यहां दूरी का हिसाब-किताब बिल्कुल अलग है
निको कहते हैं कि मुंबई कदम रखते ही आपका दूरी को लेकर नजरिया बदल जाएगा. अगर कोई आपसे कहता है कि 'मंजिल बस 5 किलोमीटर दूर है', तो उसके बहकावे में बिल्कुल मत आना. मुंबई में इस पांच किलोमीटर का मतलब कुछ भी हो सकता है-शायद आधा घंटा या फिर पूरा एक जन्म.
दिन की प्लानिंग अब 'चाय' तय करती है
निको की दूसरी बड़ी सीख ये है कि यहां आपकी पूरी दिनचर्या बदल जाती है. अब आप अपने दिन की प्लानिंग काम के हिसाब से नहीं, बल्कि मुंबई के ट्रैफिक, यहां की उमस भरी गर्मी, नुक्कड़ की चाय और इस बात पर करते हैं कि दोपहर या रात का सबसे उम्दा खाना कहां मिलेगा.
यह भी पढ़ें | अमेरिका से तीसरी बार बनारस आई यूट्यूबर, बोली- 'इसने मेरा सारा घमंड तोड़ दिया'
'नॉर्मल लाइफ' की परिभाषा बदल गई
पेरिस की जिन चीजों को निको अब तक सामान्य और नॉर्मल मानते थे, मुंबई की भागदौड़ और यहां के शोरगुल ने उस परिभाषा को पूरी तरह बदल दिया है. यहां कदम-कदम पर जिंदगी को नए सिरे से जीना पड़ता है. इन तीन मुश्किलों के बाद निको ने एक चौथी और सबसे प्यारी बात कही है, "आपको इस सब से प्यार हो सकता है." निको खुद मानते हैं कि 7,000 किलोमीटर दूर आकर, बिना किसी जान-पहचान के एक नए शहर में खुद को ढालना आसान नहीं है. वह अभी भी रास्ता भटकते हैं, थोड़ी-बहुत हिंदी सीख रहे हैं और हर हफ्ते नई जगहें तलाश रहे हैं.
इंस्टाग्राम पर जब कुछ लोगों ने उनसे पूछा कि 'पेरिस जैसी खूबसूरत जगह छोड़कर कोई मुंबई क्यों आएगा?' तो निको ने साफ कहा, "बेहतरीन करियर और भारत की इस अद्भुत संस्कृति को करीब से महसूस करने की चाहत."
ट्रैफिक, उमस और शोर के बीच निको अब मुंबई के रंग में रंग रहे हैं, दोस्त बना रहे हैं और शहर की सबसे बेहतरीन चाय की खोज में निकल पड़े हैं.
यह भी पढ़ें | अमेरिकी बाप-बेटे ने भारत में बाइक पर किया 2000 किमी का सफर, बोले- यहां लोगों ने दिल जीत लिया
यह भी पढ़ें | भारत का हेल्थकेयर सिस्टम देखकर यूरोप के डॉक्टर हैरान, इंडियन से बोले- ये तो नामुमकिन है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं