IIT Bombay No Bag Day: आईआईटी बॉम्बे के इन धुरंधरों ने साबित कर दिया कि वो सिर्फ कोडिंग और फॉर्मूले में ही उस्ताद नहीं हैं, बल्कि 'क्रेजी' होने में भी सबका बाप हैं. साहिल नाम के यूजर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें लेक्चर का आखिरी दिन किसी कॉमेडी सर्कस से कम नहीं लग रहा. नियम था कि बैग नहीं लाना है, बस फिर क्या था...स्टूडेंट्स ने वो-वो चीजें उठाईं जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. शुरुआत तो प्लास्टिक की थैलियों से हुई, लेकिन जैसे-जैसे लाइन आगे बढ़ी, लेवल बढ़ता गया. एक भाई तो गजब ही कर दिया, वो अपनी साइकिल ही क्लास के अंदर तक खींच लाया और उसे अपना चलता-फिरता बैग बना लिया.
बैग की छुट्टी और देसी जुगाड़ की एंट्री (IIT Bombay Students Creative Alternatives for No Bag Day)
नजारा तब और मजेदार हो गया जब कुछ छात्र हाथ में बड़ी-बड़ी गत्ते की पेटियां (कार्डबोर्ड बॉक्स) और कुछ तो घर की बाल्टियां लेकर क्लास में दाखिल हुए. हद तो तब हो गई जब कुछ स्टूडेंट्स ने कुर्सियों पर किताबें टिका रखी थीं. वहां मौजूद प्रोफेसर साहब भी बच्चों की इस हरकत पर गुस्सा करने के बजाय मंद-मंद मुस्कुराते नजर आए. वीडियो के आखिर में एक प्यारा सा डॉगी, जिसे स्टूडेंट्स प्यार से 'पुकी' बुलाते हैं, वो भी टहलते हुए क्लास में आ गया. ऐसा लगा मानो वो भी इस विदाई समारोह का हिस्सा बनने आया हो.
इंटरनेट पर मचा गदर 'ये बैच सबसे कूल है बॉस' (Viral Video Reactions and Nostalgia Among Netizens)
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, कमेंट्स की सुनामी आ गई. लोग इन स्टूडेंट्स की क्रिएटिविटी के कायल हो गए हैं. एक यूजर ने लिखा, 'भाई...ये तो नेक्स्ट लेवल स्वैग है, हमें तो अपने कॉलेज के दिनों की याद आ गई.' वहीं कुछ लोगों ने प्रोफेसर की तारीफ की कि उन्होंने बच्चों को उनके जीवन के सबसे यादगार पलों को खुलकर जीने दिया. दरअसल, यह वीडियो सिर्फ मस्ती नहीं है, बल्कि उस दोस्ती और बॉन्डिंग की कहानी है जो सालों की मेहनत और तनाव के बीच इन कैम्पस की दीवारों में पनपती है.
ये भी पढ़ें:-64 घंटे का वर्ल्ड रिकॉर्ड और अब पेरिस में जलवा, मिलिए शतरंज के नए 'बाजीगर' टुंडे ओनाकोया से...
IIT बॉम्बे का यह 'नो बैग डे' सोशल मीडिया पर सुपरहिट हो चुका है. किताबों का बोझ तो हमेशा रहेगा, लेकिन बाल्टी और साइकिल के साथ क्लास में एंट्री मारना इन छात्रों के लिए उम्र भर का यादगार लम्हा बन गया. वाकई, पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी 'मखौल' भी जरूरी है.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं