क्या आपको भी लगता है कि महीना शुरू होते ही सैलरी पानी की तरह बह जाती है? अगर हां, तो आज की यह कहानी आपके दिल को छू लेगी. दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम (Gurugram) में रहना कितना महंगा है, इसका अंदाजा आप इस खबर से लगा सकते हैं. सोशल मीडिया पर इस समय एक 28 साल के टेक प्रोफेशनल अर्जुन सिंह का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपना पाई-पाई का हिसाब इंटरनेट यूजर्स के सामने रख दिया है.
एक फ्लैट, दो पार्टनर और 19 हजार का किराया
अर्जुन गुरुग्राम में एक शेयरिंग 2 BHK फ्लैट में रहते हैं. यानी अकेले नहीं रहते, फिर भी सिर्फ अपने हिस्से का किराया वो हर महीने 19 हजार रुपये चुकाते हैं. इसके अलावा, घर के काम के लिए कामवाली बाई, कुक और गाड़ी साफ करने वाले को मिलाकर चार हजार रुपये अलग से जाते हैं. फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसी जरूरी चीजें भी उन्होंने किराए पर ली हैं, जिसका बिल हर महीने एक हजार रुपये आता है.
ये भी पढ़ें: रायबरेली के इस कपल ने बंदर के नाम क्यों कर दी करोड़ों की जायदाद? रुला देगी ये कहानी
सेहत बनाने और बाहर खाने का भारी-भरकम बजट
मजेदार बात यह है कि अर्जुन को अपनी सेहत बनाने का बड़ा शौक है. फिटनेस और प्रोटीन सप्लीमेंट्स के चक्कर में उनका मंथली राशन का बिल 14,790 रुपये तक पहुंच गया है. इसके अलावा, दोस्तों के साथ पार्टी करने और ऑनलाइन खाना मंगाने का शौक भी कम नहीं है, जिसमें हर महीने करीब 10,000 रुपये उड़ जाते हैं.
गाड़ी का शौक और दूसरे खर्चे
अब बात करते हैं उनकी गाड़ी की. कार की किस्त (EMI) ही अकेले 20,000 रुपये की है और 7,000 रुपये का पेट्रोल हर महीने जल जाता है. इसके ऊपर 2,000 रुपए की कॉफी, 2,500 रुपए बैडमिंटन खेलने की फीस, 7,000 रुपए की शॉपिंग और करीब 4,000 रुपए का भारी-भरकम बिजली बिल आता है.
ये भी पढ़ें: NRI बिजनेसमैन ने गर्लफ्रेंड पर लुटाए करोड़ों, ब्रेकअप होते ही मांगा पैसा, फिर कोर्ट ने पलट दिया पूरा गेम
कुल मिलाकर हुआ 93,290 रुपए का 'धमाका'
जब अर्जुन ने इन सारे छोटे-बड़े खर्चों को जोड़ा, तो कुल आंकड़ा आया 93,290 रुपए. और ध्यान रहे, इसमें कोई सेविंग या इन्वेस्टमेंट शामिल नहीं है. अर्जुन ने खुद माना कि हिसाब लगाने के बाद अब उन्हें खुद पर तरस आ रहा है और उन्हें यह खर्च बहुत ज्यादा लग रहा है. सोशल मीडिया पर लोग अर्जुन को 'सुपर रिच' बता रहे हैं, तो कुछ कह रहे हैं कि भाई, जरा हाथ खींचकर जियो. क्या आपको भी लगता है कि गुरुग्राम में जीने के लिए इतना खर्च वाकई जायज है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं