सुबह की शुरुआत अगर एक अच्छी और हेल्दी आदत से हो, तो पूरा दिन शरीर में एनर्जी बनी रहती है. आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपनी सेहत का ख्याल रखना भूल जाते हैं, जिससे छोटी-छोटी बीमारियां हमें घेर लेती हैं. ऐसे में अगर आप अपनी डेली रूटीन में सिर्फ एक छोटी सी चीज़ जोड़ लें, तो कई बड़ी परेशानियों से बच सकते हैं. हम बात कर रहे हैं आंवला जूस की.
यूनानी चिकित्सा के जाने-माने वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है कि आंवला किसी वरदान से कम नहीं है. आयुर्वेद और यूनानी दोनों ही पद्धतियों में आंवले को सेहत का खजाना माना गया है. आइए डॉ. सैयद अहमद खान से जानते हैं कि रोज़ाना आंवला जूस पीने से हमारे शरीर को क्या-क्या फायदे होते हैं.
आंवला जूस पीने के फायदे-
1. पेट के लिए-
डॉ. सैयद अहमद खान बताते हैं कि आज के समय में गलत खानपान की वजह से पेट खराब रहना आम बात हो गई है. किसी को गैस की दिक्कत है, तो कोई कब्ज और एसिडिटी से परेशान रहता है. अगर आप रोज़ सुबह खाली पेट आंवला का जूस पीते हैं, तो यह आपके पेट को बिल्कुल साफ रखता है. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और खाना आसानी से पच जाता है.

2. इम्यूनिटी के लिए-
मौसम बदलते ही सर्दी, जुकाम और वायरल इंफेक्शन होना आम बात है. जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है, वे बहुत जल्दी बीमार पड़ जाते हैं. डॉ. खान के मुताबिक, आंवले में भरपूर मात्रा में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं. रोज़ आंवला जूस पीने से शरीर की इम्यूनिटी इतनी मजबूत हो जाती है कि शरीर अंदर से बीमारियों से लड़ने के लिए तैयार रहता है.
3. बाल और स्किन-
आंवला जूस खून को साफ करने का काम करता है. जब खून साफ होता है, तो चेहरे पर नेचुरल ग्लो आता है. इसके अलावा, इसमें मौजूद विटामिंस बालों को जड़ों से मजबूत बनाते हैं, जिससे बाल झड़ना कम होते हैं और समय से पहले सफेद होने की समस्या से भी राहत मिलती है.
4. आंखों की रोशनी-
बढ़ती उम्र के साथ या घंटों कंप्यूटर-मोबाइल देखने से आंखें कमजोर होने लगती हैं. आंवले में मौजूद पोषक तत्व आंखों की रोशनी को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं.
एक्सपर्ट के बारे में: डॉ. सैयद अहमद खान यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं. वे नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के यूनानी मेडिकल सेंटर में पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं हेड रह चुके हैं. वर्तमान में वे दरीयागंज स्थित सदर यूनानी क्लिनिक में प्रैक्टिस करते हैं और श्वसन रोगों, पाचन संबंधी समस्याओं तथा लाइफस्टाइल डिजीज के यूनानी उपचार में विशेष अनुभव रखते हैं.
ये भी पढ़ें- सर्दियों के इस फल को खाने से कौन सी बीमारी दूर होती है? जानें 9 बड़े फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं