विज्ञापन

ट्रैक पर रोज़ घंटों पैदल चलना, 9 घंटे खड़े रहना, महिला ट्रेन मैनेजर ने दिखाई रेलवे नौकरी की सच्चाई

मुंबई की एक महिला ट्रेन मैनेजर का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान उन्हें रोज 15–18 हजार कदम ट्रैक पर चलना पड़ता है. इस वीडियो ने रेलवे कर्मचारियों की मेहनत पर नई चर्चा छेड़ दी है.

ट्रैक पर रोज़ घंटों पैदल चलना, 9 घंटे खड़े रहना, महिला ट्रेन मैनेजर ने दिखाई रेलवे नौकरी की सच्चाई
रोज 18,000 कदम चलती हैं ये ट्रेन मैनेजर!

भारतीय रेलवे की नौकरी को अक्सर लोग आरामदायक समझ लेते हैं, लेकिन मुंबई की एक महिला ट्रेन मैनेजर का वायरल वीडियो इस धारणा को बदल रहा है. सेंट्रल रेलवे में कार्यरत इस महिला ने अपनी ड्यूटी की एक झलक दिखाते हुए बताया कि समय पर ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को कितनी मेहनत करनी पड़ती है. 20 फरवरी को शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 3 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसने सोशल मीडिया पर रेलवे कर्मचारियों की मेहनत को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है.

रोज 15 से 18 हजार कदम ट्रैक पर चलना

वीडियो में महिला रेलवे यार्ड के पास खड़ी ट्रेन के किनारे चलते हुए खुद को रिकॉर्ड करती नजर आती हैं. सफेद शर्ट और बैकपैक के साथ वह असमान पटरियों के पास सावधानी से चलते हुए बताती हैं कि उनकी ड्यूटी के दौरान उन्हें रोजाना लगभग 15,000 से 18,000 कदम चलना पड़ता है. उन्होंने कहा, मैं बढ़ा-चढ़ाकर नहीं कह रही हूं. मैं रोज 15 से 18 हजार कदम चलती हूं. सिर्फ मैं ही नहीं, रेलवे के पूरे ऑपरेटिंग विभाग के लोग इतना काम करते हैं. कई कर्मचारी तो अपनी 9 घंटे की पूरी शिफ्ट खड़े रहकर बिताते हैं. वीडियो में पीछे लंबी दूरी तक फैली पटरियां और मालगाड़ियां दिखाई देती हैं, जिससे उनके काम की कठिनाई का अंदाजा लगता है.

देखें Video:

नौकरी के बाद बदली सोच

महिला ने यह भी स्वीकार किया कि रेलवे में आने से पहले उनकी सोच अलग थी. उन्होंने कहा, पहले मैं भी अपने पिता से शिकायत करती थी कि ट्रेन लेट क्यों होती है, रेलवे यह क्यों नहीं करता. लेकिन अब जब अंदर से सिस्टम को देखा, तो समझ आया कि एक ट्रेन को चलाने के पीछे कितने विभाग और कितने लोग काम करते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर ट्रेन कभी लेट हो जाए, तो थोड़ा समझदारी और धैर्य दिखाएं.

हर मौसम में चुनौती

वीडियो में वह बताती हैं कि उन्हें लंबी दूरी तक पैदल चलना पड़ता है और यह रास्ता हर मौसम में आसान नहीं होता. उन्होंने कहा, कि अभी मौसम ठीक है, लेकिन सोचिए गर्मी या मानसून में इसी दूरी को तय करना कितना मुश्किल होता होगा. पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने अपने साथी कर्मचारियों के लिए सम्मान जताते हुए लिखा, मेरे साथी ऑपरेटिंग कैडर स्टाफ के लिए अपार सम्मान! 

सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद कई रेलवे कर्मचारियों और यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा, लोग सिर्फ सैलरी देखते हैं, लेकिन असली मेहनत हमें ही पता है. वहीं एक ने मजाक में कहा, कार्डियो तो हो ही जाता होगा. कुछ लोगों ने नौकरी की कठिनाई को लेकर चिंता भी जताई, जबकि कई यूजर्स ने महिला की मेहनत और समर्पण को सलाम किया. 

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें: वर्क फ्रॉम होम से मना करना पड़ा भारी! बॉस का हुआ इतना बड़ा नुकसान, कि बदलनी पड़ी पूरी पॉलिसी

प्यार के लिए बदली पूरी जिंदगी! पाकिस्तान की छोटी सी कॉलोनी में रहने लगी अमेरिकी महिला, दिखाया अपना रहन-सहन

पिता ने 2 साल के बेटे को सिखाया सिविक सेंस, ट्रेन में करवाया ऐसा काम, Video देख भावुक हुए लोग

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com