VIRAL VIDEO: मां बनना कोई आसान काम नहीं है, और जब आप देश की संसद में बैठकर जनता की आवाज उठा रहे हों, तो यह चुनौती दोगुनी हो जाती है. हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की संसद से एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने दुनिया भर का ध्यान खींचा. निर्दलीय सीनेटर फातिमा पेमान अपनी नन्हीं बेटी आलिया को गोद में लेकर सीधे सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंच गईं. संसद में डिजिटल सुरक्षा कानून पर गर्मागर्म बहस चल रही थी. इसी बीच जब फातिमा पेमान बोलने के लिए खड़ी हुईं, तो उनकी गोद में उनकी छोटी सी बेटी शांत बैठी थी. फातिमा ने बिना किसी झिझक के अपनी बात रखी और दुनिया को दिखाया कि एक मां अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल जिम्मेदारी को एक साथ कैसे निभा सकती है.
अफगानिस्तान से रिफ्यूजी बनकर आईं थी ऑस्ट्रेलिया
30 साल की फातिमा पेमान की कहानी सिर्फ संसद में बच्चा लाने तक सीमित नहीं है. उनकी जिंदगी का सफर बेहद संघर्षों भरा रहा है. अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में जन्मीं फातिमा सिर्फ आठ साल की उम्र में रिफ्यूजी बनकर ऑस्ट्रेलिया पहुंची थीं. उनके पिता ने टैक्सी चलाकर और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करके परिवार को पाला.
साल 2022 में फातिमा ने इतिहास रचा जब वह ऑस्ट्रेलिया की संसद में हिजाब पहनने वाली पहली और सबसे युवा सांसदों में से एक बनीं. आज वह ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े सदन में बैठकर न केवल नीतियों पर बहस कर रही हैं, बल्कि कामकाजी माताओं के अधिकारों की सबसे बड़ी आवाज बन चुकी हैं.

"महिलाओं को मजबूर नहीं किया जा सकता"
दशकों से दुनिया भर की संसदें बेहद कड़े और पुराने नियमों से चलती आ रही हैं, जहां नई माताओं को बच्चों को घर छोड़कर आने की सलाह दी जाती थी. साल 2016 में पहली बार इस नियम में बदलाव की शुरुआत हुई थी. अब फातिमा उस बदलाव को एक नए स्तर पर ले जा रही हैं.
फातिमा का मानना है कि किसी भी महिला को अपने बच्चों की देखभाल और अपने करियर या जनता की नुमाइंदगी में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए. उनका यह कदम दिखाता है कि आने वाले समय में हमारे दफ्तरों को कामकाजी माता-पिताओं के लिए कितना सहज और मददगार होना पड़ेगा.
लोगों ने जमकर की तारीफ
महिला सांसद का वीडियो देखकर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं. नरगिस बानो (@Nargis_Bano78) ने सांसद फातिमा पेमेन की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने गाजा के मुद्दे पर भी मुखर होकर आवाज उठाई थी और आज फिर दिल जीत लिया. वहीं जमील अंसारी (@jamil2832) और शरद यादव (@SharadYadav28) का मानना है कि वह संसद के साथ-साथ एक मां का फर्ज भी बखूबी निभा रही हैं, जो वाकई काबिले तारीफ है. सिग्नल एक्स (@TheSignalX_) ने इस दृश्य को भावुक करने वाला और ममता की ताकत को सबसे ऊपर बताने वाला कहा, तो हाजी निजामुद्दीन अब्बासी (@HajiNizamuddin3) ने मां को बच्चों के लिए एक योद्धा करार दिया. दूसरी तरफ, मोहम्मद शबात (@mohammad_shabat) ने बच्चे की मासूमियत की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही गाजा के बच्चों के छिने हुए बचपन का दर्द भी बयां किया. इसके विपरीत, ब्राउनी (@yappingbrownie) ने इस पर असहमति जताते हुए व्यावहारिक पहलू उठाया और लिखा कि सांसद होना भी एक नौकरी की तरह है और दफ्तर में बच्चों को लेकर नहीं आना चाहिए.
यह भी पढ़ें | दादी की अंतिम यात्रा पर हंसते हुए पोते ने की अपमानजनक हरकत, लोग बोले- बेशर्म कहीं का
यह भी पढ़ें | पुष्कर मेले में आदिवासियों के पारंपरिक तीर-कमान की धूम, महिला दुकानदार ने सिखाया सटीक निशाना लगाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं