Viral News: कभी-कभी जिंदगी ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर देती है, जहां सही और गलत के बीच फर्क करना आसान नहीं होता. चीन से सामने आई एक ऐसी ही कहानी ने लोगों के दिलों को झकझोर दिया है. यहां एक परिवार को अपने बेटे को खोने के बाद भी 'जिंदा' रखने का तरीका ढूंढना पड़ा. इसके लिए उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली. आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में-
क्या है पूरा मामला?
यह मामला चीन के शानदोंग प्रांत का है, जहां एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की मां 80 साल की हैं और दिल की बीमारी से जूझ रही हैं. परिवार को डर था कि अगर उन्हें बेटे की मौत की खबर दी गई, तो वह यह सदमा सह नहीं पाएंगी. इसी वजह से परिवार ने यह सच्चाई उनसे छिपाने का फैसला किया.
AI बना 'डिजिटल बेटा'मां पर दुख का पहाड़ न टूटे, इसके लिए परिवार ने जियांगसु प्रांत के AI एक्सपर्ट झांग जेवेई से संपर्क किया. उन्होंने मृत व्यक्ति की तस्वीरें, वीडियो और आवाज के नमूने दिए. इन सबकी मदद से एक डिजिटल अवतार तैयार किया गया, जो देखने, बोलने और व्यवहार में बिल्कुल असली बेटे जैसा लगता है. उसकी आवाज, बोलने का अंदाज और छोटी-छोटी आदतें तक हूबहू कॉपी की गईं.
रोज होती है मां-बेटे की बातअब यही AI 'बेटा' रोज वीडियो कॉल के जरिए अपनी मां से बात करता है. मां उससे बात करके सुकून महसूस करती हैं और अक्सर अपने 'बेटे' से कहती हैं कि वह अपना ख्याल रखे, समय पर खाना खाए और उन्हें फोन करता रहे. सबसे मार्मिक बात यह है कि मां को अब तक यह नहीं पता कि उनका बेटा इस दुनिया में नहीं है. AI अवतार उनसे कहता है कि वह काम में व्यस्त है और जल्द ही घर आएगा. हर कॉल के बाद मां के चेहरे पर जो सुकून आता है, वही इस फैसले की सबसे बड़ी वजह भी है.
यह भी पढ़ें- बाप रे! 12 महीने में चुकाया 80 लाख का कर्ज, अमेरिका में इस भारतीय लड़की ने उड़ा दिए सबके होश
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहसअब, जैसे ही यह कहानी सामने आई, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. कुछ लोग इसे सुनकर अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं, तो कुछ इसे गलत बताते हुए कह रहे हैं कि सच्चाई को ज्यादा समय तक छिपाना ठीक नहीं है.
इस सब से अलग कुछ लोगों का कहना है कि यह कहानी सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि उस दौर की तस्वीर है, जहां तकनीक इंसानी भावनाओं के बेहद करीब पहुंच चुकी है. AI ने जहां एक मां को टूटने से बचा लिया, वहीं यह सवाल भी छोड़ दिया कि क्या तकनीक का इस हद तक इस्तेमाल करना ठीक है?
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं