VIRAL VIDEO: अगर आप भी अपना भविष्य जानने के लिए एस्ट्रो टॉक (AstroTalk) ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा सकती है. मुंबई के एक शख्स ने इस ऐप को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. दावा है कि यह ऐप आपके फोन में मौजूद टिंडर, बम्बल और ग्रो जैसे 244 अन्य ऐप्स की जासूसी करता है. मुंबई के मार्केटिंग कंसलटेंट प्रथमेश भोसले ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. प्रथमेश का दावा है कि उन्होंने एस्ट्रो टॉक के एंड्रॉइड ऐप की बारीकी से जांच की. इसमें उन्हें पता चला कि यह ऐप आपके फोन में तांक-झांक कर 244 अन्य ऐप्स की लिस्ट तैयार करता है. उनके इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अब तक 16 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं.
कई ऐप्स पढ़ रही आपका डेटा
इस लिस्ट में केवल मामूली ऐप्स नहीं हैं. इसमें टिंडर, बम्बल, हिंज और शादी डॉट कॉम जैसे डेटिंग और मैट्रिमोनी ऐप्स शामिल हैं. इसके अलावा जीरोधा, ग्रो जैसे ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, बैंकिंग ऐप्स, लोन ऐप्स और यहां तक कि चैट जीपीटी भी शामिल है.
प्रथमेश का आरोप है कि ऐप न सिर्फ यह जानकारी जुटाता है, बल्कि हर हफ्ते इस पूरे डेटा को यूजर आईडी के साथ अपने सर्वर पर भेज देता है. इस डेटा की मदद से कंपनी को आपकी पसंद, रिलेशनशिप स्टेटस, आर्थिक स्थिति और खर्च करने की आदतों का पहले ही पता चल जाता है.
इस खुलासे के बाद यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. वीडियो में यह भी अंदेशा जताया गया है कि एस्ट्रोलॉजर्स के पास आपकी चैट हिस्ट्री, तस्वीरें और कॉल रिकॉर्डिंग्स पहुंच सकती हैं. वे चाहें तो इन तस्वीरों को डाउनलोड भी कर सकते हैं. हालांकि, अभी तक इन आरोपों की कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
लोगों ने जताई नाराजगी
वीडियो देखने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने नाराजगी जताई है. एक यूजर chiragbarjatya ने लिखा, "जो लोग ज्योतिष पर भरोसा करते हैं, वे ऐसे ऐप्स से ठगे जाने के हकदार हैं". वहीं nikhiltalrejasocial ने इसे एआई (AI) के जरिए रिवर्स इंजीनियरिंग का बेहतरीन इस्तेमाल बताया. लोगों की चिंता सुरक्षा और कानून को लेकर भी दिखी. coach.nachiketh ने सवाल उठाया कि यह सब कानूनी रूप से कैसे सही हो सकता है. वहीं, एक अन्य यूजर dhiraj_jha ने पूछा कि यह ऐप गूगल के सुरक्षा नियमों से कैसे बच निकला. इस बीच vermicompost_enjoyer ने एक सुझाव देते हुए लिखा, "इस मामले को लेकर कंज्यूमर कोर्ट में याचिका दायर की जानी चाहिए.
यह भी पढ़ें | हिमाचल की लड़की ने दो सगे भाइयों से की शादी, बोली- 'एक साथ दोनों से प्यार हो गया'
यह भी पढ़ें | गिलास-कार्टन में पूड़ी-सब्जी, रसगुल्ला गायब, अनंत सिंह की बेटी की शादी में देसी जुगाड़ के Video वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं