- पाकिस्तान में कराची स्थित अमेरिकी दूतावास में रविवार को वीजा सेवा बंद रखी जाएगी
- अमेरिकी कॉन्सुलेट पर रविवार को हुए हमले के कारण यह निर्णय लिया गया है
- ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन तेज हुए हैं
पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास में वीजा का काम आज बंद रहेगा. रविवार को कराची स्थित अमेरिकी कॉन्सुलेट पर हुए हमले के बाद ये निर्णय लिया गया है. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की इजरायल और अमेरिका के हमलों में मौत के बाद पाकिस्तान में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. हिंसक भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को फायररिंग भी करनी पड़ी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई. ऐसे में पूरे इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच रविवार को हुई झड़पों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. ईरान पर इजराइल और अमेरिका के जारी हमलों के बीच जैसे ही ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत की पुष्टि हुई, प्रदर्शनकारी वाणिज्य दूतावास की ओर जाने वाली सड़क पर इकट्ठा होने लगे. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक असद रजा ने कहा कि भीड़ के पुलिस पर हमला करने के बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए. पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. हालांकि, एक प्रदर्शनकारी ने बाद में एक टीवी चैनल से बातचीत में दावा किया कि पुलिस ने उन पर गोली भी चलाई.

अमेरिकी वाणिज्य दूतावास माई कोलाची रोड पर नौसेना की एक आवासीय सोसाइटी के निकट एक किलेबंद इमारत में है, लेकिन आसपास निम्न-आय वर्ग के इलाके हैं. ईधी वेलफेयर ट्रस्ट के फैसल ईधी ने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारी बेहद हिंसक हो गए और उन्होंने उनके स्वयंसेवकों तथा एंबुलेंस पर भी हमला किया.
ये भी पढ़ें :- जंग में इस्तेमाल होने लगा AI! ईरान पर हमले के लिए ट्रंप की आर्मी ने लिया नई टेक्नोलॉजी का सहारा- रिपोर्ट
इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने बयान में कहा, "हम कराची और लाहौर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों के निकट जारी प्रदर्शनों की खबरों पर नजर रख रहे हैं. साथ ही इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास और पेशावर स्थित वाणिज्य दूतावास के सामने प्रदर्शनों के आह्वान की खबरें भी देख रहे हैं." हम पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे स्थानीय समाचारों पर नजर रखें और व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय अपनाएं.
पुलिस के अनुसार, शिया संगठनों ने खामेनेई की मौत के विरोध में कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर मार्च निकालने की घोषणा की थी. इस बीच, खामेनेई की मौत के बाद रविवार को इस्लामाबाद और लाहौर में भी विरोध प्रदर्शनों की खबरें हैं.
ये भी पढ़ें :- कई उड़ानें रद्द, परेशान दिखे यात्री... मिडिल ईस्ट में तनाव से दिल्ली एयरपोर्ट पर ऐसे हैं हालात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं