Bank Holiday on March 2, 2026: मार्च का महीना शुरू होते ही त्योहारों की वजह से छुट्टियों का सिलसिला भी शुरू हो गया है. आज सोमवार, 2 मार्च 2026 को देश के कुछ हिस्सों में होलिका दहन का त्योहार मनाया जा रहा है. ऐसे में सुबह होते ही बहुत से लोगों के मन में सबसे पहला सवाल यही आ रहा है कि आज बैंक खुला है या बंद? क्या आज बैंक जाकर जरूरी काम निपटाए जा सकते हैं? किसी को चेक जमा करना है तो किसी को कैश निकालना है, लेकिन बैंकिग से जुड़े किसी भी काम के लिए घर से निकलने से पहले यह जान लेना बहुत जरूरी है कि आपके शहर में आज बैंक खुला है या नहीं?
इसके साथ ही कल यानी 4 मार्च को होली है इसको लेकर भी कन्फ्यूजन है कि बैंको में होली की वजह से कब छुट्टी रहेगी. ऐसे में जान लें कि RBI बैंक हॉलिडे लिस्ट के हिसाब से होली के मौके पर कब-कब और कहां कहां बैंक बंद रहने वाले हैं. बिना जानकारी के बैंक जाने पर आपको वहां ताला लटका मिल सकता है और आपके जरूरी काम अटक सकते हैं.
आज यानी 2 मार्च को कहां -कहां बैंक बंद हैं?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की छुट्टियों की लिस्ट के मुताबिक, आज उत्तर प्रदेश के बैंकों में कामकाज नहीं होगा. उत्तर प्रदेश के मुख्य शहरों जैसे लखनऊ और कानपुर में होलिका दहन के कारण बैंक बंद रखे गए हैं. अगर आप इन शहरों में रहते हैं, तो आज बैंक की ब्रांच जाकर कोई भी काम नहीं हो पाएगा.
बाकी राज्यों में क्या आज बैंक खुले रहेंगे?
राहत की बात यह है कि उत्तर प्रदेश को छोड़कर देश के बाकी लगभग सभी राज्यों में आज 2 मार्च को बैंक खुले हुए हैं. दिल्ली, मुंबई या किसी अन्य राज्य में रहने वाले लोग आज बिना किसी परेशानी के बैंक जाकर अपना काम पूरा कर सकते हैं. आरबीआई ने यह छुट्टी केवल उन राज्यों या शहरों के लिए तय की है जहां आज त्योहार का विशेष महत्व है. इसलिए अगर आप यूपी के बाहर हैं, तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है.
3 और 4 मार्च को भी बंद रहेंगे बैंक
मार्च में बैंकों की छुट्टियों (Bank Holidays in March 2026) का यह सिलसिला अभी थमा नहीं है. कल यानी 3 मार्च को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, जयपुर और पटना जैसे बड़े शहरों में धुलंडी और डोल जतरा की वजह से बैंक बंद रहेंगे.
इसके बाद 4 मार्च को जब पूरे देश में होली का मुख्य त्योहार मनाया जाएगा. इस मौके पर नई दिल्ली, लखनऊ, अहमदाबाद, चंडीगढ़ और रांची जैसे लगभग सभी बड़े शहरों में बैंकों की छुट्टी रहेगी. यानी अगले दो-तीन दिन बैंकों में कामकाज काफी प्रभावित रहने वाला है.
ऑनलाइन और डिजिटल बैंकिंग सर्विस चालू
भले ही त्योहारों की वजह से बैंकों ब्रांच बंद रहें, लेकिन आपकी बैंकिंग से जुड़ी जरूरतें नहीं रुकेंगी. मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग और यूपीआई (UPI) जैसी डिजिटल सर्विस 24x7 चालू रहती हैं. आप घर बैठे किसी को भी पैसे भेज सकते हैं या मंगा सकते हैं. इसके अलावा अगर आपको कैश की जरूरत पड़ती है, तो एटीएम (ATM) भी हमेशा की तरह काम करते रहेंगे. हालांकि अगर आपको बैंक ब्रांच जाकर कोई काम निपटाना है तो बैंक की छुट्टियों के दौरान ये आप नहीं करा पाएंगे. इसके लिए बैंक खुलने का इंतजार करना होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं