- अमेरिका और ईरान, दोनों भूकंप की तबाही झेलते वेनेजुएला की मदद के लिए सामने आए हैं
- अमेरिका वेनेजुएला की मदद के लिए दो युद्धपोत, मालवाहक विमान, हेलीकॉप्टर और 150 मिलियन डॉलर की सहायता भेज रहा
- वेनेजुएला में अभी कम से कम 235 लोगों की मौत और 1,500 से ज्यादा लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है
अमेरिका और ईरान में अभी जमकर दुश्मनी है. दोनों मुल्कों ने लगभग 4 महीने जंग लड़ी है, जिसे शुरू अमेरिका ने किया था. ईरान ने अपना सुप्रीम लीडर खो दिया, हजारों लोगों की मौत हो गई. अभी डील हो गई है और आगे की बातचीत जारी है. इसके बावजूद दोनों कट्टर दुश्मन हैं और एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते हैं. इन सबके बावजूद अभी एक जंग ऐसी भी है जिसमें दोनों एक तरफ से लड़ने जा रहे हैं. यह जंग इंसानियत को बचाने की है. 7.5 और 7.2 तीव्रता के दो भयंकर भूकंप की तबाही से जूझते वेनेजुएला के लोगों की बचाने की जंग. दोनों देश वेनेजुएला की मदद करने सामने आए हैं, जहां अभी वैसे तो कम से कम 235 लोगों की मौत और 1,500 से ज्यादा लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, लेकिन यह आंकड़ा कहीं अधिक जा सकता है.
अमेरिका ने भेजी जंगी जहाज
अमेरिका ने गुरुवार को कहा कि वह वेनेजुएला की मदद के लिए दो युद्धपोत, माल ले जाने वाले विमान, हेलीकॉप्टर और 150 मिलियन डॉलर (लगभग 1,250 करोड़ रुपये) की सहायता भेज रहा है. अमेरिकी सेना के सदर्न कमांड ने कहा कि उनकी टीम खोज और बचाव (रेस्क्यू) में मदद करेगी. वे नुकसान का पता लगाएंगे, घायलों को ढूंढ़ेंगे और उन्हें तुरंत जरूरी मदद पहुंचाएंगे. अमेरिका जिन चीजों को भेज रहा है, उनमें USS Fort Lauderdale और USS Billings नाम के दो जंगी जहाज, C-17 ग्लोबमास्टर और C-130 हर्कुलस मालवाहक विमान शामिल हैं.
इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि सहायता पैकेज में 50 मिलियन डॉलर उन राहत संस्थाओं को दिए जाएंगे जो पहले से वेनेजुएला में काम कर रही हैं. इसके अलावा 100 मिलियन डॉलर संयुक्त राष्ट्र (UN) के राहत कोष में दिए जाएंगे.
खुद जंग के बाद जूझता ईरान भी मदद के साथ तैयार
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बुधवार को वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद वहां के लोगों के लिए दुख जताया, उनके साथ होने की बात कही. उन्होंने कहा कि ईरान हर तरह की मदद देने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने X पर लिखा, "वेनेजुएला में आए भूकंप से हमें बहुत दुख हुआ है. हम वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों, खासकर जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके लिए गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हम घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं. ईरान वेनेजुएला के साथ खड़ा है और हर संभव मदद देने के लिए तैयार है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं