विज्ञापन

मुजताबा खामेनेई से बात करना बेहद मुश्किल, ईरान के राष्ट्रपति का कबूलनामा

अमेरिकी हमलों में घायल होने और सुप्रीम लीडर बनने के बाद से ही मुजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से बाहर नहीं आए हैं. खबर चल रही हैं कि उनकी ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियन से बन नहीं रही है.

मुजताबा खामेनेई से बात करना बेहद मुश्किल, ईरान के राष्ट्रपति का कबूलनामा
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई
  • ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन का कबूलनामा- सुप्रीम लीडर मुजतबा से संपर्क करना फिलहाल बहुत मुश्किल हो गया है
  • मुजतबा खामेनेई अमेरिका और इजरायल के हमले में घायल हो गए थे, वह अबतक बाहर नहीं आए हैं
  • पेजेशकियन के अनुसार खामेनेई ने अमेरिका-इजरायल के खिलाफ ईरान की जवाबी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई है

जब खबरें ईरान के टॉप नेताओं के बीच मतभेद की आ रही हैं, उस समय ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई से संपर्क करना फिलहाल बहुत मुश्किल हो गया है. दरअसल 56 साल के मुजतबा खामेनेई अमेरिका और इजरायल के हमले में घायल हो गए थे. इसी हमले से मिडिल ईस्ट की जंग शुरू हुई थी जो 5 महीने बाद भी थमी नहीं है. पहले ही हमले में अपने पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मुजतबा ने यह पद संभाला था. अली खामेनेई भी उसी हमले में मारे गए थे, जिसमें मुजतबा घायल हुए थे.

ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने क्या कहा?

मसूद पेजेशकियन ने कहा कि भले ही मुजतबा खामेनेई लंबे समय से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं, लेकिन ईरान की जवाबी कार्रवाई में उनकी भूमिका अब भी बहुत अहम है. न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, पेजेशकियन ने कहा, "फिलहाल उनसे संपर्क करना बहुत मुश्किल है, लेकिन किसी भी हाल में उनकी मौजूदगी हमारे लिए बहुत बड़ी ताकत है, जिससे हम आगे बढ़ सकते हैं."

अबतक मुजतबा खामेनेई ने कुछ लिखित बयानों के जरिए अपनी बात रखी है. लेकिन अमेरिका के साथ तनाव के इस दौर में उनका सार्वजनिक रूप से सामने न आना कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है. पिछले महीने अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी वह दिखाई नहीं दिए थे. हालांकि, पेजेशकियन ने उनका बचाव करते हुए कहा कि उनकी मुजतबा खामेनेई के साथ कई अच्छी और सकारात्मक बैठकें हुई हैं. उन्होंने कहा कि खामेनेई ने हमेशा उनके साथ दयालुता और बेहद तार्किक सोच के साथ व्यवहार किया है.

पेजेशकियन ने कहा, "दुर्भाग्य से मौजूदा हालात कुछ गलत इरादे वाले लोगों को उनके बारे में अलग तरह की तस्वीर पेश करने का मौका दे रहे हैं."

ईरानी हुकूमत में मतभेद की खबरें

पेजेशकियन का यह बयान उन खबरों के बीच आया है, जिनमें दावा किया गया है कि मुजतबा खामेनेई ने राष्ट्रपति को अंतिम चेतावनी दी है और बातचीत तथा जंग से जुड़े अहम फैसलों पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर अहमद वहीदी को सपोर्ट किया है. इजरायली चैनल चैनल 14 ने तेहरान के घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया कि मुजतबा खामेनेई ने राष्ट्रपति पेजेशकियन की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत को लगभग खत्म कर दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने राष्ट्रपति को दोबारा इस्तीफा देने से रोकने की कोई कोशिश नहीं की.

यह भी पढ़ें: होर्मुज पर हो गई डील! ईरान-ओमान ने निकाला 'बीच का रास्ता', लेकिन समझौते के लिए क्या झुकेंगे ट्रंप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, Mojtaba Khamenei, Masoud Pezeshkian
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com