- दुनिया के अलग-अलग कोनों में कुछ ही घंटे के अंदर 3 शक्तिशाली भूकंप आए हैं - वेनेजुएला, जापान और अमेरिका
- वेनेजुएला में 7.5, 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जापान में 6.9 तीव्रता तो अमेरिका में 5.6 का भूकंप दर्ज
- एक्सपर्ट कहते हैं कि यह सभी भूकंप आपस में नहीं जुड़े हुए हैं. समझिए क्यों
Earthquake News: दुनिया के अलग-अलग कोनों में एक ही दिन धरती अचानक जोर-जोर से कांपने लगी. एक तरफ वेनेजुएला में 7.5 और 7.2 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप आए, तो जापान में 6.9 तीव्रता का झटका महसूस किया गया. लगभग इसी समय अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ. कुछ ही घंटों के भीतर तीन देशों में आए इन बड़े भूकंपों ने लोगों के मन में एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया- क्या ये सभी भूकंप आपस में जुड़े हुए हैं.
एक्सपर्ट का इस सवाल पर जवाब है नहीं.
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटैक) की भूकंप वैज्ञानिक डॉ. लूसी जोन्स ने बताया कि इन तीनों भूकंपों के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है. उनका कहना है कि ये भूकंप अलग-अलग फॉल्ट सिस्टम और अलग-अलग टेक्टोनिक प्लेट सीमाओं पर आए हैं. इसलिए एक भूकंप ने दूसरे को पैदा नहीं किया.
डॉ. जोन्स के मुताबिक, हजारों किलोमीटर दूर आने वाला कोई बड़ा भूकंप आमतौर पर दुनिया के किसी दूसरे हिस्से में बड़े भूकंप की संभावना नहीं बढ़ाता. यानी वेनेजुएला, जापान और कैलिफोर्निया में आए झटके एक-दूसरे को ट्रिगर करने वाली घटनाएं नहीं थीं. भले पहली नजर में एक ही दिन में तीन बड़े भूकंप आना लोगों को चौंका सकता है, लेकिन एक्सपर्ट इसे सिर्फ संयोग मानते हैं. समय भले ही एक जैसा रहा हो, लेकिन इन भूकंपों की वजह अलग-अलग थी.
भूकंप की भविष्यवाणी आज भी संभव नहीं
लेकिन एक बात आज भी वैज्ञानिकों के लिए चुनौती बनी हुई है. वे यह समझ सकते हैं कि कौन से इलाके भूकंप के लिए संवेदनशील हैं, मगर यह सटीक रूप से बताना अभी भी संभव नहीं है कि अगला बड़ा भूकंप कब आएगा. इसलिए भले ही एक ही दिन में दुनिया के तीन हिस्सों में धरती कांपी हो, वैज्ञानिकों का कहना है कि इन घटनाओं को जोड़कर नहीं देखना चाहिए. ये अलग-अलग जगहों पर हुईं स्वतंत्र प्राकृतिक घटनाएं थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं